सिरसा के 82 सरकारी विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित, 2,589 विद्यार्थी कर रहे फिजिक्स एवं केमिस्ट्री की पढ़ाई

 

mahendra india news, new delhi
कक्षा 11 व 12 में 1,131 विद्यार्थियों ने जीव विज्ञान तथा 1,684 विद्यार्थियों ने गणित का किया चयन, सिरसा ब्लॉक सबसे आगे
सिरसा। जिला सिरसा में विज्ञान शिक्षा को लगातार सशक्त बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग के प्रयास सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। जिले के 7 खंडों के 82 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित है, जहां वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 11वीं एवं 12वीं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी विज्ञान विषयों का अध्ययन कर रहे हैं। जिला स्तर पर संकलित रिपोर्ट के अनुसार कक्षा 11वीं में 1,396 विद्यार्थी भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान, 620 विद्यार्थी जीव विज्ञान तथा 903 विद्यार्थी गणित का अध्ययन कर रहे हैं। वहीं कक्षा 12वीं में 1,193 विद्यार्थी भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान, 511 विद्यार्थी जीव विज्ञान तथा 781 विद्यार्थी गणित विषय में अध्ययनरत हैं।

इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर 2,589 विद्यार्थी भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान, 1,131 विद्यार्थी जीव विज्ञान तथा 1,684 विद्यार्थी गणित विषय का अध्ययन कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार सिरसा ब्लॉक विज्ञान शिक्षा में सबसे आगे है, जहां 19 विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित है। इसके बाद डबवाली (13 विद्यालय), नाथूसरी चौपटा (12 विद्यालय) एवं ओढ़ां (12 विद्यालय) का स्थान है। विषय चयन के आंकड़े बताते हैं कि जिले में विद्यार्थियों का झुकाव गणित की ओर अपेक्षाकृत अधिक है, जबकि जीव विज्ञान का चयन भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा किया गया है।


जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा सुभाष कुमार फुटेला ने कहा कि विज्ञान शिक्षा विद्यार्थियों में तार्किक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। जिला सिरसा के सरकारी विद्यालयों में विज्ञान संकाय को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक संसाधनों, प्रयोगशालाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी विज्ञान विषयों का चयन कर उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।


जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि जिले के सरकारी विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा को प्रयोगात्मक, नवाचार आधारित एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। विज्ञान प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ करने, स्टेम गतिविधियों, अटल टिंकरिंग लैब, इंस्पायर अवार्ड मानक, सुपर-100 तथा अन्य वैज्ञानिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया जा रहा है। हमें विश्वास है कि आने वाले वर्षों में विज्ञान संकाय में विद्यार्थियों की संख्या और उपलब्धियां दोनों बढ़ेंगी।