कालांवाली डबल मर्डर मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार
mahendra india news, sirsa मंडी कालांवाली के देसू मलकाना रोड पर १६ जनवरी को हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गगनदीप उर्फ गगी निवासी ओढां, सुरेंद्र पाल निवासी मौजगढ़, जिला सिरसा के रूप में हुई हसुनील उर्फ मंगा निवासी सलेमगढ़ मसानी, राजस्थान के रूप में हुई है।
साइबर सेल सहित पांच टीमें की गई गठित
मीडिया से रूबरू होते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने बताया कि इस वारदात को समझाने के लिए जिला की सीआईए सिरसा, सीआईए डबवाली, सीआईए कालांवाली, थाना कालांवाली तथा साइबर सेल सहित पांच टीमों का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस की संयुक्त टीमों ने आरोपियों के छुपने के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है । उन्होंने बताया कि इस घटना में एक अन्य आरोपी बलकार उर्फ जगतार जोकि घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, उसे भी इस मामले में शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
शरण देने पर दो महिला को भी गिरफ्तार किया
पुलिस अधीक्षक डॉ.अर्पित जैन ने बताया कि इस वारदात में संलिप्त लोगों को शरण देने के मामले में पुलिस ने दो महिला ओढंा निवासी रमनदीप कौर तथा गांव जगमाल वाली निवासी कर्मजीत कौर को भी गिरफ्तार किया है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना के अन्य आरोपियों जग्गा तख्तमल सहित सभी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है, और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने पुलिस की संयुक्त टीमों की सराहना कर उनकी पीठ थपथपाई।
विभिन्न अपराधिक धाराओं में किया था केस दर्ज
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में अमनदीप निवासी कालांवाली की शिकायत पर विभिन्न अपराधिक धाराओं के तहत थाना कालांवाली में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। गौरतलब है कि इस घटना में मंडी कालांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू तथा देवेंद्र की मृत्यु हो गई थी ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी अपराधिक प्रवृत्ति के हैं, तथा इनके खिलाफ विभिन्न थानों में अनेक मामले दर्ज है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हत्या में प्रयुक्तवाहन तथा हथियार बरामद किए जाएंगे तथा अन्य आरोपियों के पते ठिकाने मालूम कर उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार जाएगा । पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस घटना में जो भी संलिप्त पाया गया उसके खिलाफ पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी