हरियाणा मेंं 3000 रुपये की रिश्वत लेते पुलिस चौकी का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार, दूसरा भागा
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में करनाल से हैं। जहां पर हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते काबू किया गया है। एसीबी यानि राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की करनाल टीम ने सेक्टर-9 पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव कुमार को 3000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार वहीं उसका साथी हेड कांस्टेबल महादेव मौके से भाग गया। दोनों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एसीबी के उप पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता ने एसीबी को सूचना दी थी कि मारपीट के एक मामले में उसका स्कूटर सेक्टर-9 पुलिस चौकी में खड़ा हुआ है। स्कूटर छोडऩे के बदले हेड कांस्टेबल संजीव कुमार और महादेव ने 4000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों 3000 रुपये लेने पर वह राजी हो गए। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क कर शिकायत कर डाली।
शिकायत के सत्यापन के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की करनाल ने योजना बनाई। शिकायतकर्ता को दिए जाने वाले नोटों के नंबर दर्ज किए गए और उन पर रासायनिक पाउडर लगाया गया। तय स्कीम के मुताबिक शिकायतकर्ता ने पुलिस चौकी में जाकर हेड कांस्टेबल संजीव कुमार को 3000 रुपये दिए। इसके बाद जैसे ही हेड कांस्टेबल ने राशि ली, पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान दूसरा आरोपी महादेव मौके से भाग गया।
एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ करनाल एसीबी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। गिरफ्तार आरोपी संजीव कुमार को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
इस बारे में उप पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मौके से भाग गए हेड कांस्टेबल महादेव की गिरफ्तारी के लिए अलग टीम गठित की गई है। इसके लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।