हरियाणा की पंचायतों के खातों पर अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का हमला, करीब 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी; दो आरोपी गिरफ्तार
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
हरियाणा में पंचायतों और पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से करोड़ों रुपये की रकम निकालने का बड़ा साइबर फ्रॉड सामने आया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस सुनियोजित साइबर हमले के पीछे अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी गिरोह 'क्रैफ्टी फाल्कन' का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में करीब 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की जानकारी सामने आई है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद नुकसान की वास्तविक रकम का पता चल सकेगा। इस घटना ने प्रदेश की पंचायतों के सरकारी धन और डिजिटल बैंकिंग सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि साइबर अपराधियों ने पंचायत एवं विकास विभाग के सर्वर को हैक करने के बजाय सीधे बैंकिंग सिस्टम को निशाना बनाया। आरोपितों ने पंचायतों के डिजिटल सिग्नेचर के साथ छेड़छाड़ कर बैंक खातों से रकम दूसरे खातों में स्थानांतरित की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचकूला के साइबर अपराध थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश और वैशाली निवासी उत्पल कांत को गिरफ्तार किया है। दोनों पर साइबर गिरोह के लिए काम करने का आरोप है।
जिलों में नुकसान का आकलन शुरू
साइबर फ्रॉड की जानकारी मिलने के बाद पंचायत एवं विकास विभाग ने सभी जिला पंचायत एवं विकास अधिकारियों को संबंधित बैंक खातों में लेनदेन रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में हुई वित्तीय गड़बड़ी का आकलन किया जा रहा है। विभाग ने संबंधित जिलों में एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश भी दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पंचायतों के खातों से निकाली गई रकम नोएडा की एक खेल कंपनी के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस लेनदेन में अन्य कंपनियों या बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया गया है या नहीं। पुलिस संबंधित खातों के संचालकों और रकम के अंतिम लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी है।
आधुनिक तकनीक से वित्तीय संस्थानों को बनाता है निशाना
'क्रैफ्टी फाल्कन' गिरोह पर आरोप है कि यह सामान्य साइबर ठगी की तरह लोगों को फोन करके OTP हासिल करने या फर्जी लिंक भेजने तक सीमित नहीं रहता। इसके बजाय यह बड़े वित्तीय संस्थानों, बैंकिंग प्रणालियों और भुगतान नेटवर्क में मौजूद तकनीकी कमजोरियों का फायदा उठाता है।
गिरोह के सदस्य सबसे पहले इंटरनेट पर उपलब्ध असुरक्षित टेस्टिंग सर्वर और क्लाउड सेवाओं की तलाश करते हैं। इसके बाद पुराने पासवर्ड और सॉफ्टवेयर की खामियों का फायदा उठाकर सिस्टम तक पहुंच बनाने की कोशिश करते हैं। भुगतान से जुड़े एपीआई पर नियंत्रण मिलने के बाद अवैध तरीके से रकम ट्रांसफर करने के आदेश जारी किए जा सकते हैं।
वारदात को देते हैं अंजाम
जांच से जुड़े इनपुट के अनुसार, यह गिरोह अक्सर सप्ताहांत या सार्वजनिक अवकाश के दौरान साइबर हमलों को अंजाम देता है, ताकि वित्तीय लेनदेन की निगरानी और तत्काल कार्रवाई में देरी हो सके। भारत की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी सीईआरटी-इन ने भी अक्टूबर और नवंबर 2026 में भारतीय वित्तीय संस्थानों को साइबर खतरों को लेकर अलर्ट जारी किए थे।
580 करोड़ रुपये के अनुदान की भी जांच
इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल पंचायतों को जारी सरकारी अनुदान की सुरक्षा को लेकर है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में राज्य वित्त आयोग के तहत पंचायती राज संस्थाओं को 580 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। सरकार अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस राशि में से कितनी रकम सुरक्षित है और कितनी राशि साइबर धोखाधड़ी की चपेट में आई है।
फिलहाल पुलिस, साइबर विशेषज्ञ और पंचायत विभाग मिलकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साइबर अपराधियों ने कितनी पंचायतों के खातों को निशाना बनाया और सरकारी खजाने को कुल कितना नुकसान हुआ है।