सिरसा में ऑल्टो गाड़ी में हेरोइन लेकर घूम रहे थे तीन युवक, सीआईए ने दबोचे

 

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा की टीम ने तीन युवकों को 07.44 ग्राम हेरोइन और ऑल्टो गाड़ी सहित काबू किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशा तस्करी में संलिप्त थे। तीनों के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिनेश उर्फ बंगाली पुत्र नितिन शाह, सुमित पुत्र मनी राम और वीर उर्फ बीरी पुत्र जुगनू, सभी निवासी हुड्डा फ्लैट, सेक्टर-19, सिरसा के रूप में हुई है।

सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में उप निरीक्षक सिद्धार्थ के नेतृत्व में पुलिस टीम किसान चौक सिरसा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान हुड्डा सेक्टर की तरफ से एक ऑल्टो गाड़ी में तीन युवक आते दिखाई दिए।पुलिस टीम को सामने देखकर युवकों ने गाड़ी वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही तीनों को काबू कर लिया।

नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 07.44 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या अन्य अपराध से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकें।
 

8 ग्राम 850 मिलीग्राम हेरोइन सहित प्रीत नगर से युवक काबू 

सिरसा। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की टीम ने एक युवक को हेरोइन सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान मनोज पुत्र डूंगर मल निवासी गली नंबर 13, प्रीत नगर, सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 8 ग्राम 850 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि सेल की टीम गश्त के दौरान गली नंबर 14, प्रीत नगर सिरसा में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू कर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई पुलिस चौकी कीर्ति नगर को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशीले पदार्थ के संबंध में जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।