हरियाणा के सरकारी स्कूल में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, गले और छाती पर किए 50 से अधिक वार

 

mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में बहादुरगढ़ से हैं। जिला के गांव बालौर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में एक दिल दहला देने वाला केस सामने आया है। विद्यालय परिसर में बने एक कमरे में सोलधा गांव निवासी एक युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक युवक की पहचान सोलधा निवासी नीरज के रूप में हुई है। हत्यारों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए नीरज के गले और छाती पर चाकू से 50 से अधिक वार किए, इससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, प्राथमिक जांच में यह बात भी सामने आ रही है कि नीरज को अधिक नशे की डोज दी गई थी या उसने अत्यधिक नशा लिया हुआ था। फिलहाल हत्या के असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।

इस घटना के बारे मेें जानकारी देर रात्रि करीबन एक बजे तब मिली, जब आरोपी बताए जा रहे गौरव के पिता कृष्ण ने नीरज के स्वजनों को मामले की सूचना दी। परिजन और ग्रामीण जब स्कूल पहुंचे तो कमरे में नीरज का लहूलुहान शव पड़ा देख सन्न रह गए। इसकी सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी मनोज, डीएसपी प्रदीप खत्री और एफएसएल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। क्राइम सीन से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया गया है।


स्वजनों के अनुसार, मृतक नीरज खेतीबाड़ी का काम करता था और दो भाइयों व 2 बहनों में सबसे छोटा था। हत्या की इस खौफनाक वारदात के पीछे गौरव नाम के युवक पर शक जताया जा रहा है।