परिचित बनकर 60 हजार रुपये की ठगी करने वाला युवक जीरकपुर से काबू
Youth arrested from Zirakpur for swindling ₹60,000 by posing as an acquaintance
सिरसा .साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना सिरसा पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने परिचित बनकर 60 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान यमन पुत्र नवल निवासी पालमपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारन ने बताया कि शहर के रोड़ी गेट निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 13 अप्रैल 2026 को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका दोस्त नवदीप बताते हुए कहा कि उसकी बेटी गंभीर रूप से बीमार है और अस्पताल में भर्ती है।
उसने यह भी कहा कि उसके बैंक खाते में तकनीकी दिक्कत आ गई है, इसलिए वह सीधे अस्पताल में पैसे जमा नहीं करवा पा रहा।आरोपी ने विश्वास में लेने के लिए पीड़ित के मोबाइल पर 25 हजार और 35 हजार रुपये के फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेज दिए तथा एक बैंक खाता नंबर देकर रकम जमा करवाने को कहा। अपने दोस्त को मुसीबत में समझकर पीड़ित ने बिना खाते की जांच किए जल्दबाजी में कुल 60 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि उसके खाते में कोई रकम आई ही नहीं थी और वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका था।शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग डिटेल और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसपी दीपक सहारन ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी फोन कॉल, व्हाट्सएप कॉल या मैसेज पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से पुष्टि अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या बैंकिंग लेनदेन की सूचना तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें। उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।