सिरसा में 315 बोर के अवैध पिस्तौल सहित युवक गिरफ्तार, CIA ऐलनाबाद ने बांदरवाली पुलिया के पास पकड़ा
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ सिरसा पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी अभियान के तहत CIA ऐलनाबाद पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 315 बोर के अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव साहुवाला द्वितीय निवासी संदीप कुमार पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान बांदर वाली पुलिया सिरसा के नजदीक मौजूद थी।
इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। जैसे ही उसकी नजर पुलिस की गाड़ी पर पड़ी तो वह अचानक वापस मुड़कर वहां से खिसकने का प्रयास करने लगा। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों पर पुलिस टीम को शक हुआ और उसे काबू कर लिया गया। पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना शहर सिरसा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज करवाया गया है।
मामले की आगामी जांच शहर थाना सिरसा पुलिस को सौंपी गई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी अवैध पिस्तौल कहां से लेकर आया था और इस अवैध हथियार के नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।