SIRSA के प्राचीन शनि धाम में 7 नवंबर को होगा भव्य दीपोत्सव, 2100 दीप जलाकर मनाएंगे दीपावली पर्व
mahendra india news, new delhi
जन-जन के आराध्य भगवान श्री रामचंद्र जी के अयोध्या लौटने पर मनाए जाने वाले दीपावली पर्व के अवसर पर नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन श्री शनि धाम में दीपोत्सव पर्व मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में 2100 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
यह जानकारी देते हुए श्री शनि देव मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारी आनंद भार्गव व चंद्रमोहन भृगुवंशी ने बताया कि दीपावली पर्व के उपलक्ष में 7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन मंदिर प्रांगण में दीपोत्सव पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में भव्य सजावट की जाएगी। मंदिर को विद्युत चलित लड़ियों, रंगोली से सजाया जाएगा। 7 नवंबर को सायं 7 बजे मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं द्वारा 2100 दीये जलाकर भगवान राम के अयोध्या आगमन की खुशियां मनाई जाएगी। ट्रस्ट पदाधिकारी ने बताया कि दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस समारोह की तैयारी शुरू हो चुकी हैं। दीपोत्सव पर्व पर मंदिर प्रांगण में प्रज्ज्वलित होने वाले सैकड़ो दीयों के बीच मंदिर की अद्भुत आभा और निखर जाती है।
अन्नकूट पर्व 10 को
ट्रस्ट पदाधिकारी ने बताया कि मंदिर में 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व मनाया जाएगा , दोपहर 12 बजे भगवान को मोठ बाजरी की खिचड़ी व कढ़ी का भोग लगाया जाएगा और प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर शनि मंदिर में दीए जलाकर भगवान शनि देव जी से सुख समृद्धि का आशीर्वाद पाएं।