कुम्हारिया के सतीदादी मंदिर में श्रद्धालुओं ने धोक लगाई व मन्नत मांगी, हरियाणा और राजस्थान के हजारों श्रद्धालुओं ने धोक लगाई

 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

चोपटा- गांव कुम्हारिया के सती दादी मंदिर में सावन शुदी चतुर्थी के अवसर पर रविवार को  श्रद्धालुओं ने सती दादी की प्रतिमा की पूजा अर्चना कर प्रसाद चढाया व मन्नत मांगी। इसमें  महिलाओं की संख्या ज्यादा रही।   मन्दिर परिसर में आयोजित  मेले में लोगों ने जमकर खरीददारी भी की।

हरियाणा-राजस्थान सीमा स्थित गांव कुम्हारिया में सती दादी मंदिर में हर माह शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को मेला लगता है। इसमें हरियाणा तथा निकटवर्ती राजस्थान के गावों के सतीदादी के भक्त सती दादी की धोक लगाने के लिए  बड़ी संख्या में आते हैं। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक होती है। मन्नत  पूरी होने पर  श्रद्धालुओं  द्वारा प्रसाद चढ़ाया जाता है

सुबह से ही  श्रद्धालुओं   की लंबी लंबी कतारें लग गई, पैदल, उँट गाड़ियों, टैक्टरों, जीपों, मोटर साइकिलों व अन्य वाहनों में सवार होकर  श्रद्धालुओं   के आने का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। इसमें महिलाओं और बच्चों ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया।  मंदिर में प्रसाद के रूप में दूध, घी, पतासे, नमक, झाङू, चुनरी व चूड़ियाँ आदि चढाए। मन्दिर परिसर में लगी स्टालों पर महिलाओं ने मनिहारी का सामान व बर्तनों कि खरीददारी की तथा बच्चों ने खिलौने खरीदे।

मेले में पेयजल, सफाई आदि की व्यवस्था ग्राम पंचायत और श्री महारानी सेवा समिति कुम्हारिया द्वारा कि गई। इस मौके पर मन्दिर परिसर में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। पुजारी रघुवीर शर्मा ने बताया कि  मान्यता है कि यहां पर प्रसाद चढ़ाने पर सभी प्रकार के चर्म रोग ठीक हो जाते हैं और मनोकामना अवश्य पूरी होती है। तथा दूर दूर से लोग धोक लगाने के लिए आते हैं।