पन्नीवाला मोटा में पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का समापन, साध्वी गौरी भारती ने सुनाया शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग

 Five-day Shri Shiv Mahapuran Katha concludes in Panniwala Mota; Sadhvi Gauri Bharati narrates the episode of the marriage of Shiva and Parvati
 

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में श्री कृष्ण गौशाला, पन्नीवाला मोटा में आयोजित 5 दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का आज श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। अंतिम दिवस कथा व्यास साध्वी गौरी भारती ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए इसके गहन आध्यात्मिक रहस्य से श्रद्धालुओं को परिचित करवाया।

साध्वी गौरी भारती ने बताया कि जब भगवान शिव माता पार्वती से विवाह रचाने के लिए अपनी अनोखी बारात लेकर पहुंचे, तो उनके विचित्र स्वरूप को देखकर हिमालय राज एवं माता मैना सहित सभी परिजन आश्चर्यचकित रह गए। भगवान शिव के शरीर पर भस्म, गले में सर्पों की माला एवं उनके साथ आए गणों को देखकर सभी चिंतित हो उठे। तब देवर्षि नारद जी ने हिमालय राज एवं माता मैना को भगवान शिव के वास्तविक स्वरूप, दिव्यता एवं महिमा से परिचित करवाया।

भगवान शिव के परम तत्व का बोध होने पर सभी प्रसन्न हुए और हर्षोल्लास के साथ विवाह संपन्न हुआ। इस प्रसंग की आध्यात्मिक व्याख्या करते हुए साध्वी जी ने बताया कि माता पार्वती जीवात्मा तथा भगवान शिव परमात्मा के प्रतीक हैं। यह दिव्य विवाह जीवात्मा और परमात्मा के मिलन का संदेश देता है। जिस प्रकार नारद जी ने भगवान शिव के बाहरी स्वरूप से परे उनके वास्तविक तत्व का परिचय करवाया, उसी प्रकार पूर्ण सतगुरु ब्रह्मज्ञान प्रदान कर जीवात्मा को उसके भीतर विद्यमान परमात्मा का प्रत्यक्ष बोध करवाते हैं।


उन्होंने कहा कि यही ब्रह्मज्ञान मनुष्य को अज्ञानता से निकालकर उसके वास्तविक आध्यात्मिक उद्देश्य से जोड़ता है। इस प्रकार पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का समापन भक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं ब्रह्मज्ञान के दिव्य संदेश के साथ हुआ। आयोजन में श्री कृष्ण गौशाला कमेटी, पर्यावरण सुधार समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।