भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव व अक्षय तृतीया पर भव्य समारोह 19 अप्रैल को, चेयरमैन देव कुमार शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
mahendra india news, new delhi
श्री ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान श्री परशुराम जी के जन्मोत्सव एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल (रविवार) को भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन व हरियाणा कौशल रोजगार निगम के निदेशक देव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर श्री ब्राह्मण सभा द्वारा शहर में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
श्री ब्राह्मण सभा के प्रधान अर्जुन शर्मा ने बताया कि समारोह में शहर के गणमान्य व्यक्ति व समाजसेवी भी भाग लेंगे। समारोह की शुरुआत सुबह 7ः30 बजे हवन-यज्ञ के साथ होगी। इसके पश्चात सुबह 10ः00 बजे से 12ः15 बजे तक संकीर्तन एवं भगवान परशुराम जी पर प्रवचन होंगे। इसके बाद दोपहर 12ः15 बजे से प्रसाद वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन स्थल श्री गीता भवन मंदिर, आर्य समाज रोड, सिरसा में होगा। वहीं, भगवान श्री परशुराम जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सुबह 9ः00 बजे भगवान श्री परशुराम चौक, सिरसा में माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।