पूर्ण सतगुरु की कृपा से ही संभव है परमात्मा के वास्तविक स्वरूप का बोध: साध्वी गौरी भारती
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में श्री कृष्ण गौशाला, पन्नीवाला मोटा में आयोजित पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के अंतर्गत कथा के द्वितीय दिवस में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा के साथ-साथ ब्रह्मज्ञान एवं पूर्ण सतगुरु की महत्ता का दिव्य संदेश प्रदान किया गया। कथा व्यास साध्वी गौरी भारती ने शिव महापुराण के आध्यात्मिक प्रसंगों की व्याख्या करते हुए बताया कि मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल बाहरी धार्मिक क्रियाओं तक सीमित रहना नहीं, बल्कि अपने भीतर विद्यमान परमात्मा का साक्षात्कार करना है।
कथा प्रसंग के माध्यम से साध्वी ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के मध्य हुए आध्यात्मिक संवाद का उल्लेख करते हुए समझाया कि परमात्मा का वास्तविक ज्ञान केवल शास्त्रों को पढ़ने अथवा सुनने से ही प्राप्त नहीं होता, बल्कि इसके लिए पूर्ण सतगुरु की शरण एवं उनकी कृपा अनिवार्य है। जिस प्रकार अंधकार को केवल प्रकाश ही दूर कर सकता है, उसी प्रकार अज्ञानता के अंधकार को ब्रह्मज्ञान का प्रकाश ही समाप्त कर सकता है। साध्वी जी ने बताया कि भगवान शिव का वास्तविक स्वरूप कल्याणकारी एवं परम चेतना का प्रतीक है। शिवत्व का अर्थ है उस परम सत्ता से जुड़ना, जो प्रत्येक जीव के भीतर विद्यमान है।
परंतु इस परम सत्ता का अनुभव तभी संभव है, जब पूर्ण सतगुरु अपनी दिव्य दृष्टि एवं ब्रह्मज्ञान के माध्यम से जीव को उसके भीतर विद्यमान परमात्मा का प्रत्यक्ष बोध करवाते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ण सतगुरु केवल जीवन को सही दिशा ही नहीं देते, बल्कि मनुष्य को उसके वास्तविक स्वरूप से परिचित करवाते हैं। ब्रह्मज्ञान के माध्यम से मनुष्य बाहरी संसार की चकाचौंध से ऊपर उठकर अपने अंतर्मन में परमात्मा के दिव्य प्रकाश का अनुभव कर सकता है। यही आध्यात्मिक जागृति जीवन में वास्तविक शांति, प्रेम, करुणा एवं सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनती है। साध्वी जी ने श्रद्धालुओं को प्रेरित किया कि वे धर्म को केवल परंपराओं और कर्मकांडों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान को अपनाएं। पूर्ण सतगुरु की शरण में जाकर ब्रह्मज्ञान प्राप्त करें और अपने जीवन को ईश्वरमय बनाएं। कार्यक्रम में प्रस्तुत मधुर भजनों एवं आध्यात्मिक विचारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण होकर कथा श्रवण किया।