ग्राम पंचायतों की अपील पर डेरा श्रद्धालुओं ने संभाली सफाई की कमान, कुछ घंटों में चमक उठे तीन गांव
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले के गांव केलनिया, अली मोहम्मद और सहारणी में शुक्रवार को स्वच्छता को लेकर अनूठी पहल देखने को मिली। पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की प्रेरणा तथा ग्राम पंचायतों के आह्वान पर डेरा सच्चा सौदा की साध-संगत ने व्यापक सफाई अभियान चलाकर गांवों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों और संस्थानों को साफ-सुथरा बनाया। अभियान में सिरसा जिले के विभिन्न ब्लॉकों से पहुंचे शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादारों सहित बड़ी संख्या में साध-संगत ने भाग लिया।
दोपहर बाद शुरू हुए अभियान के दौरान सेवादारों ने ग्राम पंचायतों के सहयोग से गांवों की गलियों, पंचायत घरों, आयुष्मान केंद्रों, सरकारी स्कूलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। जगह-जगह फैले कूड़े-कर्कट को एकत्रित कर ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से गांव की सीमा से बाहर निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया गया। सफाई के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व और साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जिससे गांवों का वातावरण स्वच्छ और सुंदर नजर आने लगा। अभियान के दौरान गांवों की मुख्य सड़कों, गलियों और सामुदायिक स्थलों पर विशेष रूप से सफाई की गई।
पंचायत प्रतिनिधियों ने जताया आभार
गांव केलनिया की सरपंच अंजू बाला, अलीमोहम्मद के सरपंच गुगनराम तथा सहारणी के सरपंच सतपाल ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व डेरा सच्चा सौदा के पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां से मुलाकात कर अपने गांवों में सफाई अभियान चलाने का आग्रह किया था। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार उनकी विनती पर सेवादारों ने गांवों में पहुंचकर सफाई अभियान चलाया और गांवों को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से न केवल गांवों की साफ-सफाई हुई है बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। ग्राम पंचायतों की ओर से डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों और पूज्य गुरु जी का आभार व्यक्त किया गया।
अपने साथ लाए भोजन और पानी
सच्चे नम्र सेवादार राकेश बजाज इन्सां, संदीप अन्नू इन्सां, अमरजीत इन्सां और रामपाल इन्सां ने बताया कि पूज्य गुरु जी की प्रेरणा और ग्राम पंचायतों की विनती पर यह सेवा कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल सेवादार अपने लिए लंगर-भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था भी स्वयं करके आए थे ताकि गांववासियों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने कहा कि साध-संगत का उद्देश्य केवल सफाई करना ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना भी है। कुछ ही घंटों की मेहनत से तीनों गांवों में व्यापक सफाई कर उन्हें स्वच्छता की सौगात दी गई।
ग्रामीणों ने की सराहना
सफाई अभियान के बाद गांवों के सार्वजनिक स्थल साफ-सुथरे नजर आए। ग्रामीणों ने सेवादारों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। अभियान के समापन पर पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों के लिए सहयोग बनाए रखने की बात कही।