ब्रह्माकुमारी शिव शक्ति भवन बकरियांवाली में दीपावली महोत्सव, आध्यात्मिकता और खुशियों से सराबोर रहा कार्यक्रम

 
The Diwali festival at the Brahma Kumaris Shiv Shakti Bhawan in Bakriyanwali was an event filled with spirituality and joy
 

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शिव शक्ति भवन बकरियांवाली SIRSA में दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर भव्य एवं मनमोहक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरा भवन दीपों की जगमगाहट, फूलों की सुगंध और खुशियों की रोशनी से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे-मुन्ने बच्चों की सुंदर प्रस्तुतियों से हुआ। बच्चों ने भक्ति गीतों एवं मनमोहक नृत्यों के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। वहीं माताओं के लिए विशेष मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर शिव शक्ति भवन की निर्देशिका बी.के. वर्षा बहन ने दीपावली के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल घरों की सफाई और सजावट का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अपने मन की सफाई करने का भी पर्व है। जब हमारा मन स्वच्छ होगा, तभी जीवन में सच्ची खुशियां आएंगी। हमें सभी के प्रति प्रेमपूर्ण व्यवहार रखते हुए अपने जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिकता को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हर्बल लाइफ के सीनियर कोच डॉ. रविंद्र ओलक ने स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ जीवनशैली ही परमात्मा की याद एवं श्रेष्ठ कर्मों का आधार है। यदि हमारा शरीर स्वस्थ होगा, तभी हम अपने जीवन के प्रत्येक कार्य को उत्साह और उमंग के साथ कर सकेंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।