15 दिन में पूरा हुआ सवा करोड़ ओम नमः शिवाय जाप का लक्ष्य
mahendra india news, new delhi
सिरसा नोहरिया गेट स्थित बड़े हनुमान मंदिर में सावन माह के पावन अवसर पर चल रहा ओम नमः शिवाय जाप भक्तों की आस्था और उत्साह के चलते नए मुकाम पर पहुंच गया है। मंदिर में सवा करोड़ ओम नमः शिवाय जाप का लक्ष्य पूरे सावन माह में पूरा करने का संकल्प लिया गया था, लेकिन श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और भक्ति-भाव के चलते यह लक्ष्य महज 15 दिनों में ही पूरा हो गया।
मंदिर के पुजारी पंडित अवधेश दीक्षित और पंडित रमेश ने बताया कि भक्तों में जाप को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सावन माह की समाप्ति यानी 30 अगस्त तक मंदिर में तीन करोड़ से अधिक ओम नमः शिवाय जाप पूरे होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ का विशेष रुद्राभिषेक किया जाएगा। रुद्राभिषेक के उपरांत भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर में तैयारियां की जा रही हैं। पुजारियों ने कहा कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इस पवित्र माह में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जाप कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। बड़े हनुमान मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहता है।
मंदिर में सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालु ओम नमः शिवाय का जाप कर रहे हैं। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर है और लगातार गूंज रहे ‘ओम नमः शिवाय’ के जयघोष से माहौल आध्यात्मिक बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि जाप में शामिल होकर उन्हें मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हो रही है।