अक्षय तृतीया से पहले सस्ता हुआ सोना, चांदी में भी बड़ी गिरावट
इन दिनों सोने-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं, जिससे निवेशक भी हैरान है. आज भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में उथल-पुथल मची हुई है। सोना-चांदी की कीमतों में मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला।
आपको बता दें कि एमसीएक्स पर जहां दोनों धातुओं के रेटों में तेजी आई तो वहीं देश की राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में इनमें गिरावट देखी गई। अक्षय तृतीया से पूर्व सोना-चांदी में यह उतार-चढ़ाव निवेशकों को हैरान कर रहा है। हालांकि जानकारों के मुताबिक स्थानीय बाजार में सोने के भाव में तेजी देखने को मिल सकती है।
बता दें कि एमसीएक्स पर सोना और चांदी के भाव में शुक्रवार को तेजी आई। रात्रि साढ़े दस बजे जून डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 1648 रुपये की तेजी के साथ 1,54,800 रुपये पर था। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी प्रति किलो 10,354 रुपये के उछाल के साथ 2,58,982 रुपये पर था।
दिन के कारोबार के दौरान सोना अधिकतम 1,55,500 रुपये और चांदी 2,61,750 रुपये के रेट पर पहुंच गई थी। हालांकि बीच में दोनों धातुओं में कुछ गिरावट भी देखी गई। सोना 1,52,547 रुपये और चांदी 2,48,499 रुपये तक गिर गए थे।
इसी के साथ ही घरेलू बाजार में कमजोर मांग के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी के रेट 5,700 रुपये टूटकर 2.53 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक चांदी के रेट 5,700 रुपये यानी 2.2 फीसद टूटकर 2 लाख 53,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 फीसद शुद्धता वाला सोना भी 1,600 रुपये यानी 1.01 फीसद टूटकर 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) पर रहा।
