15 मई को चांदी में आई बड़ी गिरावट, सर्राफा बाजार में सोना संभला, जानिए आज के ताजा रेट
सोना चांदी के आज शुक्रवार यानि 15 मई 2026 को रेट जारी हो गये। दिल्ली सर्राफा बाजार में जहां सोने के रेट में कुछ तेजी आई तो वहीं चांदी में गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर सोना और चांदी में गिरावट रही। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में तेजी भू-राजनीतिक तनाव के बीच डॉलर के मुकाबले रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आने के बाद हुई।
आपको बता दें कि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर वीरवार को सोने के रेटों में बड़ा उतार-चढ़ाव रहा। वहीं सुबह के समय चांदी में तेजी रही, लेकिन रात्रि होते-होते इसमें बड़ी गिरावट आ गई। रात्रि साढ़े दस बजे जून डिलीवरी वाला सोना प्रति 10 ग्राम 194 रुपये गिरकर 1,61,992 रुपये पर था। वहीं जुलाई डिलीवरी वाली चांदी प्रति किलो 9038 रुपये की गिरावट के साथ 2,91,200 रुपये पर थी।
सर्राफा बाजार में क्या स्थिति?
दिल्ली के सर्राफा बाजार में वीरवार को सोने की कीमत में तेजी आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 650 रुपये बढक़र 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। वहीं चांदी के रेटों में गिरावट आई। इसमें लगातार 3 दिन से जारी बढ़त का सिलसिला थम गया। चांदी 900 रुपये टूटकर 2,96,600 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई।
