हरियाणा अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को मिलेगा नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण, नौ जुलाई तक करें आवेदन
Mahendra india news, new delhi
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों को विभिन्न व्यवसायिक ट्रेडों में नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण आवासीय (नॉन-रेजिडेंशियल) आधार पर आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 9 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
प्रशिक्षण योजना का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण की अवधि अधिकतम 38 से 75 दिनों तक होगी तथा इसे हरियाणा कौशल विकास मिशन की आवश्यकता के अनुसार संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के तहत ब्राइडल फैशन एंड पोर्टफोलियो मेकअप आर्टिस्ट केवल महिलाओं के लिए है तथा शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए। इसी प्रकार असिस्टेंट फॉल्स सीलिंग एंड ड्राईवॉल इंस्टॉलर कोर्स केवल पुरुषों के लिए है, जो आठवीं पास हो। अन्य कोर्स जैसे असिस्टेंट ब्यूटी थेरेपिस्ट, असिस्टेंट हेयर ड्रेसर एंड स्टाइलिस्ट तथा सेल्फ एम्प्लॉयड टेलर महिला व पुरुष दोनों के लिए है और शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास है।
प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा परिवार पहचान पत्र (PPP) में दर्शाई गई वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए। आवेदन के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, सत्यापित परिवार पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी बैंक कॉलोनी, हिसार रोड सिरसा स्थित हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कार्यालय में कार्यालय समय के दौरान 9 जुलाई तक संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।
