home page

CDLU सिरसा के MCA और BTech विद्यार्थियों ने मोहाली की IT कंपनी का किया औद्योगिक भ्रमण, साइबर सिक्योरिटी की बारीकियां सीखीं

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के एमसीए एवं बीटेक के विद्यार्थियों ने सीएस सॉफ्ट सॉल्यूशन, साहिबजादा नगर, मोहाली (पंजाब) का औद्योगिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईटी उद्योग की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों और कॉरपोरेट कार्य संस्कृति से परिचित करवाने के साथ-साथ उनके शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। यह औद्योगिक भ्रमण विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से आयोजित किया गया। वहीं, डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के चेयरपर्सन एवं डीन ऑफ फैकल्टी प्रोफेसर हरीश रोहिल के मार्गदर्शन में इस शैक्षणिक गतिविधि को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।


इस दौरान कंपनी के एचआर प्रतिनिधि आयुष्मान ने विद्यार्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों, प्रमुख सेवाओं और आईटी क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और कार्य संस्कृति के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इसके बाद कंपनी की विशेषज्ञ साक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी विषय पर जानकारी प्रदान की।

उन्होंने साइबर सुरक्षा की आवश्यकता, डिजिटल डेटा की सुरक्षा, ऑनलाइन खतरों, साइबर हमलों से बचाव तथा वर्तमान तकनीकी परिदृश्य में साइबर सिक्योरिटी की बढ़ती महत्ता के बारे में विस्तार से समझाया। इस सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं और उनके व्यावहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।
औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कंपनी के तकनीकी विभाग का भी अवलोकन करवाया गया। यहां उन्होंने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, तकनीकी प्रक्रियाओं और विभिन्न आईटी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कंपनी के तकनीकी कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर विद्यार्थियों को यह समझने में मदद मिली कि कक्षा में पढ़ाए जाने वाले सैद्धांतिक विषयों और तकनीकी अवधारणाओं का वास्तविक औद्योगिक वातावरण में किस प्रकार उपयोग किया जाता है।

WhatsApp Group Join Now


इस दौरान विद्यार्थियों ने कंपनी के विशेषज्ञों के साथ संवाद किया तथा विभिन्न तकनीकी विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अनुभव से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, तकनीकी आवश्यकताओं और रोजगार के लिए जरूरी कौशलों को समझने में विशेष सहायता मिली। इस अवसर पर विभाग की ओर से ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर गोपाल शर्मा, डॉ. कपिल कस्वां एवं प्रीति भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारी का शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन में उपयोग करने तथा नई तकनीकों को सीखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।