home page

नीट परीक्षा 2026, सिरसा में लगी धारा 163, इस टाइम के बाद नहीं होगी इंट्री

 | 
NEET 2026: Section 163 imposed in Sirsa; entry not allowed after this time
mahendra india news, new delhi

हरियाणा प्रदेश के सिरसा में रविवार यानि 3 मई को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्थानीय लघु सचिवालय के कमरा नंबर 39 में इस संबन्धी जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए परीक्षार्थी, नागरिक 01666-248881 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

हरियाणा में सिरसा जिला अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि नीट (यूजी) के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र अभ्यर्थी को बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है। साथ ही परीक्षार्थियों से अपील है कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

इस परीक्षा के लिए सिरसा जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2451 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा आदि भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
 
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की एंट्री होगी तथा दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों का समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण व सफलतापूर्ण संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू रहेगी।

 

WhatsApp Group Join Now