home page

नीट पुनर्परीक्षा आज, 2526 अभ्यार्थी देंगे परीक्षा, केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर रहेगी पाबंदी

 | 
NEET re-examination today; 2,526 candidates to take the test; carrying electronic gadgets to the center is prohibited.

 
सिरसा, 20 जून।
21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस परीक्षा के लिए जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2526 परीक्षार्थी भाग लेंगे। यदि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने में समस्या आ रही है तो वे डायल-112 पुलिस सहायता सेवा की भी मदद ले सकते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए गए हैं, सीएपीएफ की तरफ से अतिरिक्त सुरक्षा भी रहेगी।


नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से कॉर्डिनेटर प्रिंसिपल प्रदीप सिंह ने बताया कि नीट परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं और नियमों को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए जहां समयबद्ध प्रवेश और परीक्षा संचालन का शेड्यूल तय किया गया है, वहीं परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर भी सख्त हिदायतें दी गई हैं।


जारी निर्देशों के अनुसार, परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा आदि भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। खाद्य सामग्री और पारदर्शी बोतल को छोडकऱ अन्य पानी की बोतल भी अंदर ले जाने पर रोक रहेगी। यदि कोई अभ्यर्थी इन वस्तुओं के साथ पाया जाता है तो इसे अनुचित साधनों का उपयोग माना जाएगा और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इन केंद्रों में आयोजित होगी परीक्षा, बस सुविधा भी मिलेगी

WhatsApp Group Join Now


आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2526 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इनमें राजकीय नेशनल कॉलेज में 480 परीक्षार्थी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाज मंडी में 480 परीक्षार्थी, राजकीय गल्र्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल नजदीक शाह सतनाम सिंह चौक में 480 परीक्षार्थी, राजकीय कॉलेज फॉर वूमेन बरनाला रोड में 480 परीक्षार्थी तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स स्टेशन सिरसा में 366 तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर दो में 240 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं ट्रैफिक मैनेजर सुधीर कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए बस स्टैंड से परीक्षा केंद्र तक शटल बस सेवा प्रदान की जाएगी और परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर निशुल्क यात्रा कर सकते हैं।
नीट-2026 पुनर्परीक्षा के सफल संचालन के लिए सिरसा में कंट्रोल रूम स्थापित


नीट-2026 पुनर्परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने सिरसा में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, लघु सचिवालय के कमरा नंबर-59 (द्वितीय तल) में स्थापित इस कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01666-247245 है। अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार कंट्रोल रूम में खंड शिक्षा अधिकारी ओढ़ां राम अवतार, जिला शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एपीओ विनोद कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। 20 जून को प्रात: 9 बजे से रात्रि 8 बजे तक तथा 21 जून को प्रात: 8 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। इस दौरान परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा समस्या का निस्तारण किया जाएगा।
नीट परीक्षा केंद्रों के आसपास लागू रहेगी धारा 163


नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रतिबंध लागू करने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 21 जून 2026 को परीक्षा के दौरान प्रभावी रहेंगे।


जारी आदेशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में हथियार लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बिना अधिकृत पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों और कोचिंग सेंटरों के संचालन पर रोक लगाई गई है। परीक्षा कार्य से सीधे तौर पर संबंधित नहीं होने वाले राज्य सरकार के अधिकारियों तथा अन्य व्यक्तियों का परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रेस एवं मीडिया कर्मियों के परीक्षा केंद्रों में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के भीतर वाहनों की पार्किंग भी प्रतिबंधित रहेगी

, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के वाई-फाई उपकरण या गैजेट्स का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। साथ ही लाउडस्पीकर बजाने पर भी रोक रहेगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की बाधा न हो। इसके अलावा मोबाइल फोन या अन्य संचार उपकरणों के उपयोग और उन्हें साथ रखने पर भी सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया है। यह आदेश परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।