home page

सैनिक स्कूल कुंजपुरा में कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 2 दिसंबर अंतिम तिथि

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सैनिक स्कूल कुंजपुरा, करनाल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दाखिले के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी दो दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ पर किया जा सकता है।


प्रवेश परीक्षा ओएमआर आधारित होगी। कक्षा छठी की परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न (150 अंक), सामान्य ज्ञान के 25 प्रश्न (50 अंक), भाषा के 25 प्रश्न (50 अंक) और बुद्धिमत्ता के 25 प्रश्न (50 अंक) होंगे। इस प्रकार परीक्षा कुल 125 प्रश्नों और 300 अंकों की होगी। वहीं, कक्षा नौवीं की परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न (200 अंक), अंग्रेजी के 25 प्रश्न (50 अंक), बुद्धिमत्ता के 25 प्रश्न (50 अंक), सामान्य विज्ञान के 25 प्रश्न (50 अंक) और सामाजिक अध्ययन के 25 प्रश्न (50 अंक) होंगे। यह परीक्षा कुल 150 प्रश्नों और 400 अंकों की होगी।


विद्यालय में कक्षा छठी के लिए लगभग 120 सीटें उपलब्ध होने की संभावना है, जिनमें 108 सीटें लडक़ों और 12 सीटें लड़कियों के लिए हैं। इसी प्रकार कक्षा नौवीं में लगभग 30 सीटें उपलब्ध होंगी, जिनमें 26 सीटें लडक़ों और चार सीटें लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। वास्तविक सीटों की संख्या विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और विद्यालय छोडऩे वाले विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर बदल सकती है।

WhatsApp Group Join Now


प्रवेश पूरी तरह प्रवेश परीक्षा की मेरिट और अभ्यर्थी की मेडिकल फिटनेस के आधार पर दिया जाएगा। सीटों में हरियाणा के मूल निवासी विद्यार्थियों के लिए 67 प्रतिशत तथा देश के अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं। इसके अलावा अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।


कक्षा छठी में दाखिले के लिए 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच जन्मे विद्यार्थी पात्र होंगे। वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए। इच्छुक अभिभावक प्रवेश परीक्षा का विवरण और सूचना पुस्तिका एनटीए की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।