हरियाणा प्रदेश में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियां देने की तैयारी, हरियाणा सरकार ने विभागों से मांगा खाली पदों की संख्या
mahendra india news, new delhi
देश की सेवा में अग्निवीरों की समय समय पर भर्ती की जाती है। इस भर्ती में हरियाणा प्रदेश के युवा भी समय समय पर शामिल कर भर्ती हो रहे हैं। अब प्रदेश के अग्निवीरों में भर्ती हुए युवाओं के लिए गुड न्यूज है। जानकारी के अनुसार हरियाणा प्रदेश में अग्निवीरों के पहले बैच की 4 वर्ष की सैन्य सेवा पूरी होने के साथ ही हरियाणा सरकार ने उनके लिए सरकारी रोजगार की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश सरकार ने हरियाणा के सभी विभागों, बोर्डों और निगमों से पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित सीधी भर्ती के पदों का वास्तविक ब्यौरा मांग लिया है।
जानकारी के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग की मानव संसाधन-2 शाखा ने 25 अगस्त को आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों से 26 अगस्त दोपहर 3 बजे तक निर्धारित प्रोफार्मा में जानकारी देने के लिए कहा गया था।
प्रदेश सरकार इस कवायद के जरिए यह पता लगाएगी कि पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित कितने पद उपलब्ध हैं, कौन से विभागों में हैं और उन पर भर्ती कब हो सकती है।
राजकीय विभागों को सिर्फ रिक्त पदों की संख्या नहीं, बल्कि पद का नाम, आरक्षण प्रतिशत, संभावित रिक्तियों की संख्या, श्रेणीवार विवरण और भर्ती का प्रस्तावित महीना भी बताना होगा। यूआर, ओएससी, डीएससी, बीसी-ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस के अनुसार भी रिक्तियों का ब्योरा मांगा गया है।
आपको बता दें कि हरियाणाा प्रदेश से अग्निपथ योजना के तहत अभी तक 7,228 युवा अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए हैं। इनमें 2022-23 में 2,227, 2023-24 में 2,893 और 2024-25 में 2,108 युवा शामिल हैं। योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में बनाए रखने का प्रविधान है, जबकि बाकी अग्निवीर सेवा से बाहर होते हैं।
