हरियाणा प्रदेश के गेस्ट अध्यापकों के नियमितीकरण की प्रक्रिया तेज, शिक्षा मंत्री महीपाल ने दिए निर्देश
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के गेस्ट अध्यापकों के लिए गुड न्यूज है। प्रदेश के राजकीय स्कूलों में 20 वर्ष से कार्यरत 12 हजार अतिथि अध्यापकों के रेगूलर करने की प्रक्रिया आगे बढऩे की उम्मीद लगी है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया को निर्देश दिए हैं कि अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के लिए जिलों से उनके केस मंगवाए जाएं।
इस प्रक्रिया के तरह कालेजों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को नियमित करने से पहले अपनाई गई थी। कालेजों में सेवाएं देने वाले गेस्ट अध्यापकों को सरकार नियमित कर चुकी है, जबकि स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षक लंबे वक्त से रेगूलर होने का इंतजार कर रहे हैं। अब हाई कोर्ट का निर्णय भी इन स्कूल शिक्षकों के पक्ष में जा चुका है।
हरियाणा प्रदेश के अतिथि अध्यापकों की सभी यूनियनों के संयुक्त संगठन ने हाल ही में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से मुलाकात की थी। सीएम नायब सिंह सैनी, उनके उप प्रधान सचिव यशपाल यादव, शिक्षा सचिव विजय दहिया और निदेशक से भी उनकी मुलाकात हो चुकी है।
अतिथि अध्यापकों द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर शिक्षा मंत्री ने प्रधान सचिव के नाम लिखा कि कॉलेजों के गेस्ट अध्यापकों के नियमितीकरण की तरह वर्ष 2014 की पालिसी के मुताबिक निरीक्षण कर स्कूलों में कार्यरत गेस्ट अध्यापकों के केस सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन हेतु अविलंब प्रस्तुत किए जाएं।
सौंपे गये मांग पत्र में कहा गया कि 12 हजार गेस्ट शिक्षक 20 सालों से शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार के स्तर पर लंबे समय से नियमितीकरण की मांग रखी जा रही है। हाई कोर्ट के निर्णय तथा संबंधित नीति के अनुरूप उनकी सेवाओं को नियमित किया जाना चाहिए। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डा. अजय लोहाना ने बताया कि सीएम व शिक्षा मंत्री अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के प्रति सकारात्मक हैं।
31 अगस्त को विधानसभा सचिवालय में मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में भी अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था।
