home page

राजकीय नेशनल महाविद्यालय SIRSA की 2 छात्राओं ने अंग्रेजी विषय में उत्तीर्ण की नेट परीक्षा, बढ़ाया गौरव

 | 
Two students from Government National College, Sirsa, have brought laurels to the institution by qualifying the NET exam in English

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा: राजकीय नेशनल महाविद्यालय, सिरसा के अंग्रेजी विभाग के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि विभाग की दो प्रतिभाशाली छात्राओं, प्रीति और माया ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) उत्तीर्ण कर महाविद्यालय एवं सिरसा जिले का नाम रोशन किया है।


छात्राओं ने राजकीय नेशनल महाविद्यालय से ही अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर (M.A.) की पढ़ाई पूरी की है। दोनों छात्राओं ने अपनी इस उल्लेखनीय सफलता का श्रेय  अपने प्राध्यापकों डॉ. सत्यपाल, डॉ. मीत, डॉ. मंजू मेहता एवं डॉ. अशोक के कुशल मार्गदर्शन, सतत प्रेरणा और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक वातावरण तथा प्राध्यापकों की निरंतर देखरेख ने उन्हें अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए सदैव प्रेरित रखा।


इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग के डॉ. सत्यपाल ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रीति और माया दोनों ही मेधावी, परिश्रमी और अपने अध्ययन के प्रति सदैव गंभीर रही हैं। महाविद्यालय में अध्ययन के दौरान दोनों ने न केवल विषय की गहरी समझ विकसित की, बल्कि निरंतर कुछ नया सीखने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की ललक भी दिखाई।

WhatsApp Group Join Now


माया की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए डॉ. सत्यपाल ने कहा कि “माया शुरू से ही अत्यंत जिज्ञासु और सीखने के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं। वे प्रत्येक विषय को केवल परीक्षा उत्तीर्ण करने की दृष्टि से नहीं, बल्कि उसकी गहराई और व्यापकता को आत्मसात करने के उद्देश्य से पढ़ती थीं।” वहीं प्रीति के अकादमिक सफर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि “प्रीति की कक्षा में प्रश्न पूछने की सहज प्रवृत्ति, नई अवधारणाओं को सीखने की उत्सुकता और विषय के प्रति गहरी गंभीरता उन्हें एक विशिष्ट विद्यार्थी बनाती है।”
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ अनीता सिंह, महाविद्यालय परिवार एवं प्राध्यापकों ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता डॉ. सूरज रंजन, डॉ. गुलाबवती और हैप्पी ने बताया कि छात्राओं की यह उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें उच्च अकादमिक लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।