हरियाणा प्रदेश में एनकाउंटर, पुलिस से भागते बदमाश को पांव में लगी गोली; पुलिस वाले के हाथ को दांत से काटकर भागने का प्रयास
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश में कुरुक्षेत्र जिला से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा 2 की टीम से भागने का प्रयास कर रहे बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश ने पुलिस कर्मचारी के हाथ पर दांत से काटकर भागने का प्रयास भी किया। पुलिस ने बदमाश को चेतावनी दी।
इसके बाद पैर में गोली मारकर आरोपित को काबू कर लिया है। पुलिस ने घायल बदमाश को लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया है। बदमाश की पहचान गांव सोढ़ी निवासी विशाल उर्फ विक्की के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार आरोपित पिछले दिनों गांधीनगर में गोली चलाने के केस में भी आरोपित है । वहीं बताया जा रहा है कि इससे पहले भी आरोपित के खिलाफ करीबन 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पिछले तीन-चार महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दो पिस्टल, 4 मैगजीन और 20 कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा 2 की टीम देर सायं विशाल उर्फ विक्की से हथियारों की बरामदगी के लिए उसके गांव लेकर गई थी। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उनके घर से 2 पिस्तौल, 4 मैगजीन और 20 कारतूस बरामद किए। पुलिस आरोपित को वापस सीआईए 2 लेकर आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में उमरी चौक पहुंचने पर आरोपित ने पेशाब करने का बहाना किया। जब 2 पुलिसकर्मी आरोपित को पेशाब करने के लिए गाड़ी से नीचे उतरे तो आरोपित ने एक पुलिस वाले के हाथ को दांत से काटा और दूसरे से हाथ छुड़ाकर भागने का प्रयास किया। इसके बाद तो पुलिस ने चेतावनी देकर गोली चलाई जो आरोपित की दाईं टांग में लगी है।
सीआईए 2 प्रभारी मनदीप ने इस संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित विशाल उर्फ विक्की 14 जून को गांधीनगर में गोली चलाने के मामले में आरोपित है। पुलिस टीम उसे कस्टडी में लेकर हथियार बरामदगी के लिए उसके घर लेकर गई थी। आरोपित ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने आरोपित को चेतावनी देते हुए शॉर्ट एनकाउंटर के बाद काबू कर लिया है।
