sirsa में*धातक हथियारों से हुड्डा सेक्टर में दंगा करने वाले स्कोर्पियो सवार 4 युवक पुलिस गिरफ्त में,9 कारतूस बरामद ।*
सिरसा..... सिविल लाइन थाना पुलिस ने हुड्डा सेक्टर-19 में सार्वजनिक स्थान पर घातक हथियारों के साथ दंगा करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो सवार चार युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 9 जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से 2 खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलराज सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हुड्डा सेक्टर-19 स्थित एक करियाणा स्टोर के पास कुछ युवक एकत्र होकर झगड़ा कर रहे हैं तथा अवैध हथियारों के इस्तेमाल की आशंका है। मामला जैसे ही एसपी दीपक सहारन के संज्ञान में आया उन्होंने तुरंत प्रभाव से सिविल लाइन थाना की टीमों का गठन कर शीघ्र अति शीघ्र मामले को निबटाने के निर्देश दिए।पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी खड़ी मिली, जिसमें चार युवक बैठे थे।
शक के आधार पर तलाशी लेने पर चालक सीट पर बैठे सुनील कुमार निवासी सिरसा के कब्जे से 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके साथ बैठे अंकुश निवासी गांव अलीकां से 2 कारतूस, जबकि पीछे बैठे हर्षदीप सिंह व अर्श निवासी गांव मंगाला से 2-2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। गाड़ी की जांच के दौरान उसके शीशे पर फायरिंग के निशान पाए गए और मौके से 2 खाली कारतूस भी मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी बकरियांवाली निवासी एक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते यह घटना हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों सहित 15-20 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक जगह पर अवैध हथियारों के साथ दंगा करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति इस वारदात में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
