सिरसा से बड़ी खबर, पति ने पत्नी की हत्या करके, खुद फांसी लगाई, हुआ था दोनो में झगड़ा
mahendra india news, new delhi
हरियाणा के सिरसा में दंपति की मौत की सूचना है। सदर थाना क्षेत्र में कंगनपुर रोड स्थित दशमेश नगर में बुधवार को एक दंपती के शव मिले। मृतकों की पहचान 45 साल के चंद्रप्रकाश और उसकी 42 साल की पत्नी सिलोचना के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चंद्रप्रकाश ने अपनी पत्नी के सिर पर डंडे से वार किया, इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद चंद्रप्रकाश का शव घर के अंदर एक कमरे में लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस, कीर्तिनगर चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों के मुताबिक चंद्रप्रकाश मिस्त्री का कार्य करता था। दंपती के 2 बच्चे हैं, जो गुजरात में कार्य करते हैं। पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। बुधवार सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
इसके बाद चंद्रप्रकाश अपनी पत्नी सिलोचना को घर के अंदर ले गया था। हालांकि, सुबह हुए विवाद के बाद घर के अंदर क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शाम को चला घटना का पता
बताया गया है कि शाम को पड़ोसियों ने घर में बने कमरे की खिडक़ी की जाली से चंद्रप्रकाश का शव फंदे पर लटका हुआ देखा। इस बारे में पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में उसकी पत्नी सिलोचना का शव भी मिला। प्रारंभिक सूचना में सिलोचना के सिर पर डंडे से चोट मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
घटनास्थल पर शव के पास पुलिस को डंडा भी बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर कीर्तिनगर चौकी पुलिस, सदर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलुओं की जांच कर रही है।
