home page

SIRSA में दोस्ती की आड़ में 96 हजार रुपये की चपत लगाने वाले दो साइबर अपराधी काबू

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
 दोस्ती का भरोसा करके अपना एटीएम देना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने दोस्ती की आड़ में उसके खाते से 96 हजार रुपये उड़ा दिए। मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना सिरसा पुलिस ने दो आरोपियों को गांव बड़ागुढ़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव बुढाभाना, जिला सिरसा तथा बलविंदर सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी बरूवाली प्रथम,हाल शमशाबाद पट्टी, सिरसा के रूप में हुई है। साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर 2026 को कीर्ति नगर निवासी विशाल पुत्र मुकंद लाल ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह याकूजा फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता था। इसी दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले राहुल के साथ उसकी दोस्ती हो गई। शिकायत के अनुसार राहुल ने घर में मजबूरी बताकर विशाल से उसका एटीएम ले लिया। आरोप है कि दोस्ती का फायदा उठाते हुए राहुल ने अप्रैल माह में उसके खाते से संबंधित एटीएम का गलत इस्तेमाल करवा दिया।

जब तक पीड़ित को मामले का पता चला, तब तक उसके खाते से करीब 96 हजार रुपये की साइबर ठगी हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एटीएम/खाता बेचने और खरीदने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना एटीएम, बैंक खाता, ओटीपी, पिन या अन्य बैंकिंग जानकारी न दें। दोस्ती अथवा जान-पहचान के भरोसे भी बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

WhatsApp Group Join Now