SIRSA में लाखों रुपए की हेरोइन (चिट्टा) सहित दो नशा तस्करों को दबोचा
Mahendra india news, new delhi
सिरसा.....नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने अनाज मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को लाखों रुपए की 92.32 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नशा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम सदभावना मार्ग से कबीर चौक के पास अनाज मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस टीम ने शक के आधार पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 92.32 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान त्रिलोक सिंह पुत्र दयाराम निवासी खैरा करंडी, थाना सरदुलगढ़, जिला मानसा, पंजाब हाल निवासी जंडी वाली गली, रानियां रोड, सिरसा तथा लखविंद्र सिंह उर्फ लखा पुत्र अमरीक सिंह निवासी बोहा वाला फाटक कालोनी, बुढलाढा, जिला मानसा, हाल निवासी शिव चौक, सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी अथवा अन्य अपराध से संबंधित कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जा सके।
