सिरसा में 32 बोर अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित युवक पुलिस गिरफ्त में
mahendra india news, new delhi
सिरसा जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की सीआईए सिरसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव कगंनपुर क्षेत्र से एक युवक को 32 बोर के अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीआईए सिरसा की टीम गश्त के दौरान गांव कंगनपुर क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे काबू कर लिया। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसकी आरोपी की पहचान आकाश पुत्र सुरेश कुमार निवासी गांव कंगनपुर सिरसा के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच संबंधित सदर थाना पुलिस को सौंप दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि अवैध हथियार उसे कहां से मिला और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए जांच हर पहलू से की जा रही है।
