सिरसा निवासी साहिब वर्मा ने फिल्म 120 बहादुर में ‘नन्हे’ के किरदार से किया प्रभावित
mahendra india news, new delhi
सिरसा। हर इंसान में कोई न कोई प्रतिभा होती है, जो इंसान अपनी प्रतिभा को सही समय पर पहचानकर उसका उपयोग करता है, सफलता उसके कदम अवश्य चूमती है। ऐसा ही कुछ अपनी प्रतिभा से सिरसा निवासी युवा प्रतिभा साहिब वर्मा ने कर दिखाया है, जिन्होंने हाल ही में फरहान अख्तर द्वारा निर्देशित देशभक्ति फिल्म 120 बहादुर में ‘नन्हे’ के रूप में अपने ऊर्जावान अभिनय से अमिट छाप छोडक़र खूब प्रशंसा बटोरी है।
बीकॉम की शिक्षा हासिल कर दिल्ली में एक साल थियेटर में अपने रोल से अमिट छाप छोडऩे वाले साहिब वर्मा इस फिल्म में एक ऐसे किरदार को निभा रहे हैं, जो एक मज़ेदार और चॉकलेट का दीवाना है, साहिब पर्दे पर एक ताज़ा आकर्षण लेकर आते हैं। उनके किरदार को ख़ास बनाने वाली बात है, उनके द्वारा पेश की गई भावनाओं की विस्तृत श्रृंखला, हास्य, क्रोध, भय, भावनात्मक गहराई और यहां तक कि एक्शन भी।
साहिब इन सभी पहलुओं को सहजता से निभाते हैं, जिससे नन्हे हर उम्र के दर्शकों के लिए एक यादगार और प्रासंगिक किरदार बन जाता है। अपनी सहज अभिनय शैली और भावपूर्ण स्क्रीन उपस्थिति के साथ, साहिब वर्मा तेज़ी से इंडस्ट्री में एक नए और होनहार चेहरे के रूप में उभर रहे हैं। 120 बहादुर उनके बढ़ते सफर में एक मज़बूत कदम है, जिसने सिरसा को गौरवान्वित किया है और उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित प्रतिभाओं में से एक बना दिया है। साहिब वर्मा सिर्फ अभिनय नहीं कर रहे हैं, वो अपनी उपस्थिति का ऐलान कर रहे हैं।
नन्हे के रूप में अपने ऊर्जावान अभिनय से उन्होंने खुद को सबसे होनहार कलाकारों में अपने आप को स्थापित कर लिया है। बता दें कि साहिब वर्मा इससे पूर्व एक अंतर्राष्ट्रीय फिल्म, अमेजॉन मिनी की तीन सीरिज व एक साल थियेटर में काम कर चुके हैं। एक अन्य फिल्म में भी जल्द साहिब वर्मा बड़े पर्दे पर अपना किरदार निभाते नजर आएंगे।
