पेयजल आपूर्ति की कमान संभालने को तैयार SIRSA की 112 पंचायतें: विभाग के साथ एमओयू साइन
mahendra india news, new delhi
ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। SIRSA जिले की 112 ग्राम पंचायतों ने गांवों में पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी खुद संभालने के लिए विभाग के साथ एमओयू साइन कर लिया है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिरसा मंडल के कार्यकारी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि विभाग को शुरू में सिर्फ 15 पंचायतों का टारगेट दिया गया था। स्टाफ की मेहनत और सरपंचों के सहयोग से अब तक जिले की 112 पंचायतों ने एमओयू कर लिया है।
उन्होंने बताया कि बैंक खाते खोलने और पेंडिंग एमओयू पूरे करवाने के लिए विभाग द्वारा जिले के सभी 7 ब्लॉकों - सिरसा, डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद, नाथूसरी चोपटा, बड़ागुढ़ा व ओढां में दोबारा विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बैंक अधिकारियों की टीम मौके पर ही पंचायतों के चाइल्ड अकाउंट खोलेगी। कैंप में बीडीपीओ और ग्राम सचिव भी मौजूद रहेंगे ताकि दस्तावेजों की वेरिफिकेशन तुरंत हो सके और प्रक्रिया में देरी न हो।
ईएक्सईएन राजेश शर्मा ने कहा कि एमओयू के बाद पंचायतें ही अपने गांव में पेयजल सप्लाई, बिल वसूली और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेंगी। इससे ग्रामीणों को समय पर शुद्ध पेयजल मिलेगा और विभाग पर काम का बोझ भी कम होगा। जिन पंचायतों के एमओयू व बैंक खाते अभी बाकी हैं, उन्हें भी जल्द इस योजना से जोड़ा जाएगा।
विभाग का टारगेट था 15, 112 ने किया एमओयू
हमें 15 पंचायतों का लक्ष्य मिला था, लेकिन हमने 112 पंचायतों के साथ एमओयू कर लिया है। बकाया पंचायतों के लिए सभी 7 ब्लॉकों में फिर से कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि कोई भी गांव इस योजना से वंचित न रहे।" - राजेश शर्मा, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिरसा मंडल
