यातायात नियमों की परीक्षा में 14,431 बच्चों ने दिखाया उत्साह, एसपी दीपक सहारन ने खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर लिया जायजा
mahendra india news, new delhi
बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के लिए जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे प्रयासों के तहत बुधवार को ब्लॉक स्तरीय यातायात प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक चली इस परीक्षा में जिले के 14,431 स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। परीक्षा को लेकर बच्चों में खासा जोश देखने को मिला। जिले में सिरसा, ऐलनाबाद, रानियां, नाथूसरी चौपटा और बड़ागुढ़ा में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। अब इस प्रतियोगिता के बाद जिला स्तर पर परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।
बच्चों के बीच पहुंचे एसपी,साहब ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा ।
परीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन स्वयं बेगू रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। एसपी ने कहा कि बचपन में सीखी गई अच्छी आदतें पूरी जिंदगी काम आती हैं। अगर बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी दी जाए तो वे खुद भी सुरक्षित रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय नियमों की पालना किसी डर या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए करनी चाहिए। यातायात नियमों की जानकारी हर व्यक्ति के लिए जरूरी है और इसकी शुरुआत घर व स्कूल से ही होनी चाहिए।
छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, कार में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और यातायात संकेतों का पालन करना बेहद जरूरी है। सड़क पार करते समय भी पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। कई बार छोटी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन जाती है। ऐसे में बच्चों को खुद नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए।
उन्होंने स्कूल-कॉलेज के शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों के बारे में समझाएं और उनमें सुरक्षित सफर की आदत विकसित करें। जिला पुलिस की ओर से भी सेमिनार और जागरूकता गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्श दीप सिंह, डीएसपी मुख्यालय सुखबीर सिंह, डीएसपी नाथूसरी चौपटा राजबीर सिंह और डीएसपी ऐलनाबाद सुभाष चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
