home page

2026 कोई जादू नहीं करेगा: विचार, व्यवहार और प्रेम से हमें जादू करना है: डा. इंदर गोयल

 | 
2026 No one will do magic: We have to do magic with our thoughts, actions and love: Dr. Inder Goyal

mahendra india news, new delhi
सिरसा। अखिल भारतीय सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. इंदर गोयल ने कहा कि आज हम केवल एक नया वर्ष नहीं, बल्कि नया संकल्प, नई चेतना और नई जिम्मेदारी का स्वागत करते हैं। 2026 हमारे द्वार पर खड़ा है, हाथों में अवसर और आंखों में उम्मीदें लिए हुए। समय बदलता नहीं, हम बदलते हैं, वर्ष बदलने से जीवन नहीं बदलता, जीवन बदलता है सोच बदलने से। यदि वही विचार, वही आदतें और वही अहंकार लेकर हम 2026 में प्रवेश करेंगे, तो कैलेंडर तो बदलेगा, पर चरित्र नहीं। आध्यात्मिक दृष्टि से देखें तो समय एक निरंतर प्रवाह है।

हर नया वर्ष हमें यह याद दिलाता है कि जो बीत गया, वह अनुभव है, जो आने वाला है, वह परीक्षा है और जो अभी है, वही साधना है। हम अक्सर घर की सफाई करते हैं, लेकिन मन की सफाई को टाल देते हैं। 2026 से पहले एक मौन प्रश्न स्वयं से पूछें, क्या मेरा मन हल्का है? क्या मेरे संबंधों में करुणा है? क्या मेरी सफलता में सेवा जुड़ी है? मौन साधना हमें सिखाती है कि भीतर का शोर शांत होगा, तभी बाहर शांति फैलेगी। ध्यान, प्रार्थना और आत्मचिंतन, ये कोई धार्मिक क्रियाएं नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित करने के उपकरण हैं। आज समाज की सबसे बड़ी बीमारी गरीबी नहीं, असंवेदनशीलता है। 2026 हमसे पूछ रहा है,

क्या हम सिर्फ  अपने लिए जीएंगे या किसी के जीवन में प्रकाश भी बनेंगे? सच्ची सामाजिक सेवा मंचों से नहीं, मन से शुरू होती है। घर में बुजुर्गों का सम्मान, युवाओं को सही दिशा और जरूरतमंद के लिए सहानुभूति, यही समाज निर्माण की नींव है। याद रखें, जो समाज को देता है, समाज उसे पहचान देता है। उन्होंने कहा कि डिग्री से बड़ा दृष्टिकोण होता है, कमाई से बड़ा कर्म होता है, 2026 में टेक्नोलॉजी आगे बढ़ेगी, लेकिन अगर संवेदना पीछे रह गई, तो प्रगति अधूरी होगी। अपने लक्ष्य ऊंचे रखें, पर अपने संस्कार उससे भी ऊंचे रखें। आइए, नए वर्ष में तीन संकल्प लें, स्वयं के लिए, रोज़ कुछ समय आत्मचिंतन और मौन के लिए,,

WhatsApp Group Join Now

परिवार के लिए, संवाद, सम्मान और समय, समाज के लिए,  सेवा, सहयोग और सद्भाव। यदि हर व्यक्ति थोड़ा बेहतर बन जाए, तो दुनिया अपने आप सुंदर हो जाएगी। अंत में इतना ही कहना चाहूंगा, 2026 कोई जादू नहीं करेगा, जादू हमें करना है। अपने विचारों से, अपने व्यवहार से और अपने प्रेम से। आइए, इस नए वर्ष में हम सफल ही नहीं, सार्थक इंसान बनें। आप सभी को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आप सबको स्वस्थ, सजग और सेवाभावी बनाए।