home page

25वां भारत रंग महोत्सव: रोहतक में रंग-साधना का भव्य उत्सव, सहायक प्रोफेसर कर्ण लढा सम्मानित

 | 
news
mahendra india news, new delhi

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली द्वारा आयोजित 25वां भारत रंग महोत्सव 9 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक दादा लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय, रोहतक में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह महोत्सव संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया।


इस अवसर पर दादा लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय द्वारा “सारंग महोत्सव” का भी भव्य आयोजन किया गया। चार दिवसीय इस गीत-संगीत, अभिनय एवं अद्भुत रंगोत्सव में देशभर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, रंगकर्मियों और कला-प्रेमियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम में विविध नाट्य प्रस्तुतियाँ, सांस्कृतिक आयोजन और संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिनसे दर्शकों को भारतीय रंगमंच की समृद्ध परंपरा और समकालीन प्रयोगधर्मिता का अनुभव प्राप्त हुआ।


महोत्सव के दौरान चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग के सहायक प्रोफेसर कर्ण लढा को रंगमंच के क्षेत्र में उनके बहुमूल्य योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कर्ण लढा की रंगमंच के प्रति समर्पित सेवा, नवीन सृजनशील दृष्टि तथा युवा कलाकारों के मार्गदर्शन ने भारतीय रंगकर्म में एक विशिष्ट स्थान स्थापित किया है। उनके निर्देशन, प्रशिक्षण और सृजनात्मक प्रयासों ने न केवल विद्यार्थियों को मंचीय अभिव्यक्ति की नई दिशा दी है, बल्कि रंगमंच को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

WhatsApp Group Join Now


इस उपलब्धि के लिए चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के डॉ. मोहम्मद काशिफ़, अकादमिक अधिष्ठाता, यूएसजीएस ने विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समूचे शैक्षणिक एवं रंगकर्मी समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत है। कर्ण लढा ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, दिल्ली एवं दादा लखमीचंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय, रोहतक को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और विशेष सम्मान के लिए हार्दिक आभार प्रकट किया