SIRSA में 4 दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव आज से, पहले दिन सीडीएलयू में श्रीमद् भगवद् गीता पर आधारित सेमिनार का होगा आयोजन
SIRSA में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 के तहत चार दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव का 28 नवंबर को शुभारंभ होगा। सीडीएलयू में एक नवंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव के पहले दिन श्रीमद् भगवद् गीता पर आधारित सेमिनार का आयोजन होगा। इसके अलावा अन्य दिनों में आध्यात्मिक ऊर्जा के अद्भुत संगम से भरे इस महोत्सव में हवन यज्ञ, ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं, गीता उद्बोधन, गीता श£ोकोच्चारण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और गीता पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक गीता का अमृत संदेश पहुँचाया जाएगा।
सेमिनार, गीता प्रदर्शनी और नगर शोभा यात्रा आयोजित होंगी, जो समाज में आध्यात्मिकता, कर्तव्य और जीवन मूल्यों को नए स्वरूप में प्रस्तुत करेंगी। अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि चार दिन तक चलने वाले जिला स्तरीय गीता महोत्सव के दौरान पहले दिन 28 नवंबर को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में गीता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गीता का जीवन में महत्व पर व्याख्यान दिए जाएंगे।
शनिवार 29 नवंबर को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में गीता महोत्सव-2025 का शुभारंभ हवन व गीता पूजन के साथ किया जाएगा, जिसमें 23 विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्कूली बच्चों के अलावा लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से सरकार की अंत्योदय उत्थान और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे चार दिवसीय गीता महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर गीता की शिक्षाओं को प्राप्त करते हुए आत्मसात करें।
