सिरसा में ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाली 7 स्कूली बसों के चालान,एक बस इंपाउंड
सिरसा एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में स्कूली बस के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह के नेतृत्व में व्यापक कार्रवाई की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यातायात नियमों की पालना को सख्ती से लागू करना है।अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली बसों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान 9 स्कूली बसें नियमों का उल्लंघन करती पाई गईं, जिनके चालान किए गए, जबकि एक बस को गंभीर अनियमितताओं के चलते इंपाउंड किया गया।
संबंधित बस चालक को निर्देश दिए गए कि वह बच्चों को सुरक्षित उनके घर छोडऩे के बाद बस को यातायात थाना में प्रस्तुत करे, अन्यथा उसे भारी जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। जांच के दौरान बसों में अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाने वाले फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे तथा अग्निशामक यंत्रों की भी बारीकी से जांच की गई। कई बसों में अनियमितता पाई जाने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी की कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने स्कूल संचालकों और बस चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे न्यायालय के आदेशों और यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके अलावा बस चालकों को वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करने की सख्त हिदायत दी गई। उन्हें बताया गया कि वाहन हमेशा बाईं ओर चलाएं, बच्चों को चढ़ाने-उतारने के समय सुरक्षित स्थान पर ही बस रोकें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें।पुलिस टीम ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बसों में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाया जाए, रेड लाइट पर जेब्रा क्रॉसिंग से पहले रुकें और वाहन को सफेद लाइन के पीछे ही खड़ा करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस अभियान को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
