home page

7वें दशा और दिशा: चिंतन महासम्मेलन: आलोचना करने वाले असामाजिक तत्वों की एसोसिएशन ने की कड़ी निंदा

 | 
7th Dasha and Disha: Chintan Mahasammelan: The Association strongly condemned the anti-social elements who criticized it.


सिरसा। आॅल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा शिवा गार्डन, रानियां ब्लॉक, जिला सिरसा (हरियाणा) में 17 मई 2026 को आयोजित 7वें दशा और दिशा : चिंतन महासम्मेलन की कुछ असामाजिक एवं समाज विरोधी तत्वों द्वारा की जा रही निराधार आलोचना की एसोसिएशन कड़े शब्दों में निंदा करती है। आॅल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन के हरियाणा अध्यक्ष गुरचरण सिंह फौजी ने बताया कि यह महासम्मेलन मजहबी सिख समाज, जो लंबे समय से सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित और पिछड़ा वर्ग रहा है, को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशाखोरी, ऊंचे ब्याज पर ऋण लेकर अनावश्यक खर्च करने, मृत्युभोज जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने तथा अपने बच्चों को औपचारिक, तकनीकी, कौशल आधारित एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए प्रेरित करना था, ताकि नई पीढ़ी बदलते समय के अनुरूप बेहतर रोजगार प्राप्त कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सके। लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा महासम्मेलन में अमर शहीद बाबा जीवन सिंह (रंगरेटे गुरु के बेटे) के जीवन पर आधारित एनिमेटेड फिल्म के प्रदर्शन पर आपत्ति जताना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि क्या ये लोग ऐसे महान शहीदों के जन्म दिवस और शहीदी दिवस मनाने का भी विरोध करेंगे? बाबा जीवन सिंह जी का बलिदान सिख इतिहास की अमूल्य विरासत है।

उनकी शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा नैतिक दायित्व है। इसका विरोध करने वाले वे लोग हैं, जो वंचित समाज को हमेशा दबाव और पिछड़ेपन में बनाए रखना चाहते हैं। फौजी ने कहा कि ये तथाकथित उच्च वर्गीय मानसिकता वाले लोग केवल आदर्शवाद की बातें करते हैं, किंतु जब मजहबी सिख समाज की शिक्षा, जागरूकता, आत्मसम्मान और सशक्तिकरण की बात आती है तो इन्हें असहजता होती है। इनका वास्तविक उद्देश्य वंचित समाज को आगे बढ़ने से रोकना है।

WhatsApp Group Join Now

आॅल इंडिया मजहबी सिख वेलफेयर एसोसिएशन स्पष्ट करती है कि वह समाज में जागरूकता, शिक्षा, एकता, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी। इस मीटिंग में संगठन के नैशनल को-आॅर्डिनेटर सविंदर सिंह सिरसा, संगठन के प्रधान सविंदर सिंह खालसा, संगठन के कम्युनिटी प्रोटेक्टर गुरदीप सिंह खालसा, चंद सिंह गुरुद्वारा दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह कलगीधर गुरुद्वारा ट्रस्ट के प्रधान, अमरजीत सिंह खालसा, डबवाली संगठन के जिला प्रधान डा. दारा सिंह दमदमा, बाबा बग्गा सिंह सिकंदरपुर, प्रेम सिंह सिकन्दर सहित अन्य संगठन सदस्य उपस्थित थे।