home page

दशहरे पर सिरसा में 800 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

 | 
news

mahendra india news, new delhi
दशहरा पर्व पर रावण दहन और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए सिरसा पुलिस ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है। शहर में मेले, रावण दहन, दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए करीब 800 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी दीपक सहारन ने सभी थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा है कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में उचित सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के जिम्मेवार होंगे ।  त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरकर व्यवस्था पर नजर रखेंगे, ताकि लोग बेफिक्र होकर त्योहार मना सकें।


बाजारों में जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक प्लान


त्योहार के चलते बाजारों और मुख्य चौराहों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष प्लान बनाया है। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और जरूरत के अनुसार भारी व बड़े वाहनों के रूट बदले जाएंगे। पुलिस का प्रयास रहेगा कि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को जाम की परेशानी न झेलनी पड़े और आवागमन सुचारू बना रहे। किसी भी प्रकार की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस पीसीआर,  राइडर्स एवं ईआरवी पर तैनात जवान लगातार गश्त पर रहेंगे 


सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

रावण दहन स्थलों, बाजारों और संवेदनशील जगहों पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।

WhatsApp Group Join Now


अवैध धंधे करने वालों पर होगी कार्रवाई


एसपी ने स्पष्ट किया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध जुआ खेलने तथा शराब बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दशहरा आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी खबर या अफवाह को आगे न बढ़ाएं।