शहीद भगत सिंह स्टेडियम SIRSA में जिला स्तरीय समारोह आयोजित, मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने किया ध्वजारोहण
mahendra india news, new delhi
SIRSA जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में धूमधाम से मनाया गया। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक तथा स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थल पर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। समारोह में शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को मुख्यातिथि ने सम्मानस्वरूप शॉल भेंट की। वहीं उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यातिथि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के जिन मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी, वह नींव समय के साथ और मजबूत हुई है। विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अपनी अटूट आस्था के बल पर भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। इतिहास के पन्ने इस बात के साक्षी हैं कि 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। उस संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को प्रज्वलित किया। इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में स्थापित किया जा रहा भव्य शहीदी स्मारक अब निर्माण के अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

श्री राणा ने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों तथा समाज के अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। आरक्षण के माध्यम से अब तक वंचित रहे लोगों को उनका अधिकार देने का प्रयास किया गया है। पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर आय सीमा को 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है। साथ ही, पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी कार्य किये हैं। सभी 24 फसलें गेंहू, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना आदि की खरीद एम.एस.पी. पर करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। इसी प्रकार टमाटर, प्याज़ से लेकर लीची और शहद तक 22 सब्जी और फल को भावान्तर भरपाई योजना में शामिल करने वाला भी हरियाणा राज्य अपने किसानों का ख़्याल रखता है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की हमारी जिम्मेदारी है। हमें ऐसा हरियाणा बनाना है जहां किसान समृद्ध हो, जहां युवा रोजगार देने वाला भी बने और रोजगार पाने वाला भी, जहां हमारी बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों, जहां उद्योगों को अवसर और युवाओं को रोजगार मिले, जहां हर गरीब परिवार के पास सम्मानजनक जीवन की सुविधाएं हों, जहां गांव और शहर समान रूप से विकसित हों, जहां विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले और जहां पारदर्शी शासन जनता के विश्वास को और मजबूत करे।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हेलन केलर दृष्टि बाधित विद्यालय सिरसा के बच्चों ने ग्रुप सांग ‘छु लो तिरंगा’, प्रयास एवं आरकेजे श्रवण वाणी दिव्यांग केंद्र सिरसा के बच्चों ने एक्शन सांग ‘तिरंगा लहराना है’, सेंट जैवियर स्कूल सिरसा के बच्चों ने राजस्थानी नृत्य ‘रुण-झुण बजे घुंगरा’, द् सिरसा स्कूल सिरसा के बच्चों ने कोरियोग्राफी, विवेकानन्द वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा के बच्चों ने हरियाणवी डांस 52 गज का दामन’, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा के बच्चों ने गिद्धा प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने राष्ट्रीयगान की प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड सिरसा की टीम प्रथम, दी सिरसा स्कूल की टीम द्वितीय तथा सेंट जैवियर स्कूल सिरसा व विवेकानन्द वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा की टीमें संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रही।
परेड व मार्च पास्ट में ये टीमें रही शामिल
समारोह में महिला पुलिस बल, हरियाणा पुलिस बल, गृह रक्षी बल, जीआरजी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की एनसीसी, शाह सतनाम जी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की एनसीसी, शाह सतनाम जी कन्या महाविद्यालय की एनसीसी, चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय व राजकीय नेशनल महाविद्यालय सिरसा की एनसीसी, एनके एडवेंचर स्काउट, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्याल खैरपुर की स्काउट, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिरसा की स्काउट ने मार्च पास्ट किया। वही डैफोडिल स्कूल मौजदीन की टीम ने बैंड की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने पीटी शो तथा डंबल व लेजियम का आकर्षक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में परेड के ओवरआल इंचार्ज सुखदेव सिंह ढिल्लो रहे। परेड में एनके एडवेंचर स्काउट की टीम प्रथम, चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय की टीम द्वितीय तथा शाह सतनाम जी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की टीम तृतीय स्थान पर रही।
जिला स्तरीय समारोह में इन्हें किया गया सम्मानित
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कार्यक्रम में विभिन्न उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहनीय योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप वन राजिक हरिपाल सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय से रीडर सुनीता अदलक्खा, मदन सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर, अमित मेहता, एनएचएम के डीएमईओ प्रीतम सिंह, ग्राम सचिव प्रियंका, सीडीएलयू लिपिक रविंद्र कुमार सैनी, हवलदार भीम सिंह, रोडवेज से संस्थान प्रबंधक रत्नलाल, प्रधानाचार्य मोहिंद्र कुमार, डबवाली से एएसआई रणजोत, एएसआई सुरेंद्र कुमार, सिरसा से एएसआई सुनील कुमार, हवलदार राजेश, महिला थाना प्रभारी सुनीता, कानूनगो सुरेंद्र कुमार, सेवादार कमलदीप कौर, निर्वाचन कानूनगो देवेंद्र सिंह, सीएमएसपीएस दड़बी से सरिता सिवाच, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रहरी क्लब तथा सरकारी विद्यालयों में निशुल्क अध्यापन कर रहे गोदिकां निवासी जीवनदास तनेजा को सम्मानित किया। मंच संचालन में अध्यापक रवि रंजन ने सहयोग किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनिश जिंदिया, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नवजीत कलेर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया, डीएमसी सुरेंद्र बैनीवाल, एसडीएम राजेंद्र कुमार, नगराधीश अजय सिंह, सीएमजीजीए पुरु रोहिल्ला, पद्मश्री गुरविंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, राष्ट्रीय कार्यकारिणी भाजपा के सदस्य जगदीश चोपड़ा, सुरेंद्र आर्य, राज कुमार ग्रोवर, रत्नलाल बामणिया, पार्षद सुमन शर्मा, बिमला सिंवर, विरेंद्र तिन्ना, सागर केहरवाला, विष्णु शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
