देवभूमि हरिद्वार स्थित श्री तारकेश्वरम धाम में संत समाज के लिए लगाया भंडारा
पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने कहा कि संत, सत्संग और संत सम्मान से ही जीवन में बसंत है। श्री बाबा तारा जी की अलौकिक प्रेरणा से ही संत सम्मान के कार्यक्रम और भंडारे आयोजित होते हैं। पूर्व मंत्री गोपाल कांडा देवभूमि हरिद्वार स्थित श्री तारकेश्वरम धाम में आयोजित संत सम्मान कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन गौ गंगा सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी निर्मल दास के सान्निध्य में किया गया। विशेष रूप से इस आयोजन में महामण्डलेश्वर स्वामी हरि चेतनानन्द एवं हरिद्वार से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मदन कौशिक ने शिरकत की।
हरिद्वार में गुजरांवाला भवन के समीप स्थित श्री बाबा तारा जी गंगा घाट के नजदीक श्री तारकेश्वरम धाम में आयोजित संत सम्मान कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गोपाल कांडा सपरिवार पहुंचे। सर्वप्रथम बाबा तारा जी की विशेष आरती हुई। पूजन के उपरांत संत समाज के लिए भंडारा लगाया गया। जिसमें देवभूमि के विभिन्न अखाड़ों से जुड़े संतों ने शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचे महामण्डलेश्वर स्वामी हरि चेतनानन्द एवं हरिद्वार से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मदन कौशिक ने पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
पूर्व मंत्री गोपाल कांडा का देवभूमि की ओर से अभिनंदन किया। गोपाल कांडा ने संत जनों और अन्य सम्मानित जनों को श्री बाबा तारा जी की तपस्या एवं आध्यात्मिक संदेशों से अवगत करवाया। साथ ही दिए गए सम्मान के लिए सभी विशिष्ट जनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां गंगा, नीलकंठ धाम और हरिद्वार श्री बाबा तारा जी को सदैव प्रिय रहे। उन्होंने सदैव भक्तों को साथ लेकर यहां सेवा कार्य किए। बाब जी की दिव्य प्रेरणा से ही नीलकंठ, हरिद्वार और सिरसा में धार्मिक कार्य एवं भंडारे इत्यादि निरंतर आयोजित हो रहे हैं।
इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की धर्मपत्नी सरस्वती कांडा, पुत्र लखराम कांडा, शुभम कांडा, समाजसेवी नित्य प्रकाश शर्मा, बृजेश फुटेला, कमल धवन सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए।
