home page

जिला समग्र शिक्षा, सिरसा के तत्वावधान में विद्यालय प्राचार्यों का पांच दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 | 
A five-day leadership development training program for school principals has commenced under the aegis of District Samagra Shiksha, Sirsa

mahendra india news, new delhi
सिरसा जिला समग्र शिक्षा, सिरसा के तत्वावधान में विद्यालय प्राचार्यों के लिए पांच दिवसीय नेतृत्व विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आज राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेला ग्राउंड, सिरसा में शुरू हो गया। कार्यक्रम के प्रथम दिन डाइट, डिंग के विषय विशेषज्ञ डॉ. राजेश खुराना ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में प्राचार्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

एक कुशल विद्यालय प्रमुख न केवल शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन करता है, बल्कि शिक्षकों को प्रेरित करने, सकारात्मक शैक्षिक वातावरण बनाने तथा विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य में प्राचार्यों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण प्राप्त करना आवश्यक है, ताकि वे नई शैक्षिक नीतियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और प्रभावी विद्यालय प्रबंधन की रणनीतियों को अपनाकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (एचआईपीए), गुरुग्राम से आए मुख्य प्रशिक्षक गौरव मिगलानी एवम् कर्ण अरोड़ा ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को योग एवं श्वास तकनीकों, सजगता, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक कल्याण एवं मानसिक दृढ़ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।


प्रशिक्षण सत्रों के अंतर्गत कालुआना स्थित राजकीय आरोही मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या डॉ. नीता नागपाल ने शैक्षणिक नेतृत्व विषय पर, एससीईआरटी हरियाणा से प्रशिक्षित एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रवक्ता राकेश मोहन गोयल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में विद्यालय प्रमुखों की भूमिका विषय पर, डॉ. राजेश खुराना ने सुरक्षित विद्यालय नेतृत्व तथा डॉ. विनोद कुमार ने विद्यालय सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विषय पर अपने विचार साझा किए। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रभावी विद्यालय नेतृत्व, सुरक्षित शैक्षिक वातावरण और आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत करवाया गया।
 

WhatsApp Group Join Now


-जिला समग्र शिक्षा, सिरसा के अंतर्गत आयोजित इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय प्राचार्यों को नेतृत्व कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, शिक्षक सहयोग एवं विद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रभावी रणनीतियों से सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित ढंग से आयोजित करने में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), डिंग, सिरसा की टीम महत्वपूर्ण सहयोग दे रही है।
-कृष्ण लाल, जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी), सिरसा।