सोनी धर्मशाला SIRSA में आयोजित संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकाली भव्य कलश यात्रा
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। समस्त स्वर्णकार समाज की ओर से पुरषोतम मास में बेगू रोड स्थित सोनी धर्मशाला में आयोजित की जा रही संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व शनिवार की सांय भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस संबंधी जानकारी देते हुए संजय सोनी ने बताया कि कलश यात्रा दुर्गा मंदिर प्रभात पैलेस से शुरू हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं व समाजसेवी लोगों द्वारा कलश यात्रा का फूलों से स्वागत किया गया।
कलश यात्रा में चल रहे श्रद्धालुओं के लिए समाजसेवी लोगों ने जलपान की भी व्यवस्था की। विभिन्न बाजारों का भ्रमण करते हुए कलश यात्रा सोनी धर्मशाला में कथास्थल पर आकर संपन्न हुई। हरिद्वार से पधारीं कथावाचिका डा. राधिका दीदी ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और समाजधर्म का ज्ञान देती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने दिव्य देह का तेज इस महापुराण में प्रवेश करा दिया था। इसलिए इसे भगवान का शरीर माना जाता है तथा इसे सुनने मात्र से तमाम तरह के कष्टों से मुक्ति मिल जाती है। कथा व्यास ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अत्याचार बढ़ता है, तब परमात्मा स्वयं आकर लीलाएं करते हैं। उन्होंने बताया कि भागवत पुराण को सुनने वाले भक्त मोक्ष प्राप्त करते हैं। जिस तरह राजा परीक्षित श्राप से मुक्त हुए, उसी तरह कई राक्षस और पापी भी परमात्मा की शरण में जाकर मुक्ति पा गए।
श्रीमद्भागवत पुराण को सभी ग्रंथों में महापुराण की संज्ञा मिली है। संजय सोनी ने बताया कि कथा 31 मई से 6 जून तक चलेगी। कथा का समय सांय 03.15 बजे से सांय 6.15 बजे तक रहेगा। 07 जून को पूर्ण आहूति व भंडारा होगा। उन्होंने समस्त शहरवासियों से आह्वान किया कि समयानुसार कार्यक्रम में आकर कथा का श्रवण कर पुण्य के भागी बनें। इस मौके पर सोनी धर्मशाला के प्रधान सोनू गोरीवाला, तहसील प्रधान गजानंद सोनी सिरसा, जिला प्रधान सज्जन सोनी, लीलाधर सोनी, संजय सोनी, कृष्ण सोनी, सुरजीत सोनी, सतपाल सोनी, प्रमोद सोनी, रामप्रताप सोनी, मदन सोनी, विकास सोनी, मुकेश सोनी, राजू सोनी, रामकिशन सोनी सहित स्वर्णकार समाज के अनेक महानुभाव उपस्थित थे।
