ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र की 39 गौशालाओं को 2.96 करोड़ की अनुदान राशि वितरित
mahendra india news, new delhi
हरियाणा सरकार के हरियाणा गऊ सेवा आयोग द्वारा गौशालाओं के विकास, संरक्षण और गौवंश कल्याण के उद्देश्य से जारी अनुदान राशि के अंतर्गत ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र की 39 गौशालाओं को लगभग 2 करोड़ 96 लाख की सहायता राशि वितरित की गई। यह अनुदान राशि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह तथा ऐलनाबाद विधानसभा से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अमीरचंद मेहता द्वारा गौशालाओं के प्रतिनिधियों को चेक के माध्यम से प्रदान की गई। यह वितरण कार्यक्रम ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख स्थलों श्री कृष्ण गौशाला तथा गांव माखोसरानी स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्र की सभी 39 गौशालाओं के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में गौभक्तों ने भाग लिया। गौरतलब है कि हरियाणा गौ सेवा आयोग द्वारा गौशालाओं का बजट बढ़ाकर लगभग 600 करोड़ कर दिया गया है और इसी के तहत, इस तिमाही में सिरसा जिले की गौशालाओं के लिए लगभग 10 करोड़ 30 लाख की अनुदान राशि जारी की गई है।
SIRSA जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में यह राशि पूर्व में वितरित की जा चुकी थी, जबकि ऐलनाबाद क्षेत्र की गौशालाओं को अब यह सहायता प्रदान की गई। इस राशि के अंतर्गत चार गौशालाओं को शेड निर्माण कार्य के लिए 5-5 लाख की विशेष सहायता भी दी गई, जिससे गौवंश के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार के गौ सेवा आयोग में प्रदेशभर की 619 गौशालाएं पंजीकृत हैं, जिनमें सबसे अधिक 138 गौशालाएं सिरसा जिले में स्थित हैं। इनमें भी अकेले ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्र में 39 गौशालाएं संचालित हो रही हैं, जो इस क्षेत्र में गौसेवा के प्रति लोगों की गहरी आस्था और समर्पण को दशार्ता है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौ संरक्षण और गौवंश कल्याण के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी गौभक्तों से निरंतर गौसेवा के कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया।
वहीं पूर्व भाजपा प्रत्याशी अमीरचंद मेहता ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गौशाला प्रतिनिधियों और गौभक्तों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार गौशालाओं के विकास और गौवंश संरक्षण के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आर्थिक सहायता से गौशालाओं को मजबूती मिलेगी और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला महासचिव हनुमान कुंडू व अंबर मेहता, चैयरमैन भगवान सिंह, नरेश कटारिया, निकूराम फौजी, भूराराम डूडी, विनोद नागर, समींद्र कंबोज, संदीप सहारण, नंदलाल बेनीवाल, राजेंद्र ढुकड़ा, विष्णु शर्मा, डॉ. विजय बेनीवाल, दलीप सिंह, सुशील सरावगी, रूपराम, राजेंद्र कुमार, विजय व्यास, मदन गोदारा, भंवर सिंह, सुभाष चौहान, धीरज तथा नरेश सहित सभी गौशालाओं के प्रधान/ पदाधिकारी व अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहे।
