हिसार डिपो की बस अनियंत्रित होकर खेतों में उतरी, चालक की सूझबूझ से बची एक दर्जन यात्रियों की जान
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में कुरूक्षेत्र जिला से हैं। जहां पर नेशनल हाईवे 152-डी पर इस्माईलाबाद के पास शनिवार देर शाम बड़ी दुर्घटना टल गई। जानकारी के अनुसार उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब हिसार डिपो की एक बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि अचानक बैल के सामने आ जाने से बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि, बस के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को खेतों में उतार दिया, इससे बस पलटने से बच गई। इस सडक़ दुर्घटना में करीबन एक दर्जन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें एंबुलेंस के सहायता अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के बेटे कर्ण प्रताप ने भी यात्रियों की सहायता की।
बस के ड्राइवर विकास के अनुसार वह बस लेकर चंडीगढ़ से हिसार जा रहे थे। इस्माईलाबाद के समीप अचानक एक नंदी बस के सामने आ गया। उसे बचाने का प्रयास किया तो बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार करते हुए हाईवे की दूसरी ओर पहुंच गई। इस दौरान बस चंडीगढ़ की ओर घूम गई। चालक ने बस को पलटने से बचाने के लिए सूझबूझ दिखाते हुए उसे खेतों की ओर मोड़ दिया। इसके चलते बस सीधे खेत में उतर गई और बड़ा हादसा टल गया।
इस दुर्घटना के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और उस समय आसपास कोई अन्य वाहन भी नहीं था। कई यात्री मामूली चोटें लगने के बावजूद दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए, जबकि कुछ घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दौरान उन्हें बस के पास चालक विकास लेटे हुए मिले। बातचीत के दौरान बस चालक बार-बार यही पूछ रहे थे कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं या नहीं। जब उन्हें बताया गया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं तो उन्हें राहत मिली। कर्ण प्रताप ने कहा कि चालक विकास ने अपना हौसला और सूझबूझ बनाए रखी, जिसके चलते एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गया।
