श्री हनुमान जन्मोत्सव पर सालासर मंदिर SIRSA में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
Mahendra india news, new delhi
श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री बाला जी महाराज मन्दिर में दिनभर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर नजर आया। आयोजन समिति द्वारा जारी विस्तृत कार्यक्रम के अनुसार प्रात:कालीन पूजन से लेकर रात्रि भजन संध्या तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रात: 5:00 बजे मंगल गान एवं शहनाई वादन के साथ कार्यक्रमों की शुरूआत हुई।
इसके उपरांत देहली पूजन, गणेश पूजन तथा भव्य श्रृंगार आरती संपन्न की गई। सुबह 6:30 बजे बाला जी महाराज के स्वर्णमयी आभूषणों का अनावरण किया गया। विभिन्न भक्त परिवारों द्वारा स्वर्ण चोला अर्पण, चरण पादुका अर्पण, सुंदरकांड के चित्रों का अनावरण तथा स्वर्ण छत्र व माला समर्पण जैसे धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा भाव से आयोजित किए गए। सुबह 11:30 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
रात्रि कार्यक्रमों के अंतर्गत शाम 7:00 बजे श्री बाला जी महाराज की स्वर्ण चौकी का अनावरण किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके बाद 7:15 बजे बाल रूप हनुमान जी के स्वर्ण आभूषणों का अनावरण हुआ तथा 7:30 बजे ज्योत प्रज्वलन एवं भव्य श्रृंगार आरती आयोजित की गई। रात्रि 8:15 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें मेरठ से पधारे भजन गायक आयुष कंसल ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि मंच संचालन राजेश गोयल ने किया। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों एवं विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया था। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक संख्या में धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।
दिनभर लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता:
मंदिर परिसर में दिन भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में धोक लगाने के लिए आना शुरू हो गए थे। शहर के आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु हाथ में ध्वजा लेकर पैदल बाबा के दर्शनों के लिए पहुंचे और मंदिर में बाबा के समक्ष नतमस्तक होकर पूजा अर्चना की।
मंदिर प्रबंधन समिति ने की पुख्ता व्यवस्था:
कार्यक्रम को लेकर मंदिर प्रबंधन कमेटी की ओर से पुख्ता व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा कर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं को लाइनों में मंदिर में दर्शनों के लिए भेजा जा रहा था। वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से भी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिहाज से नियुक्ति की गई थी। दिनभर सुरक्षा कर्मी अपनी सेवाएं देते रहे, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
