गुरुद्वारा सिंह सभा पंजुआना में खिड़की तोड़कर जूतों समेत दरबार में घुसकर गुल्लक उठाकर ले गया शख्स: लखविंदर सिंह औलख
mahendra india news, new delhi
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के मेंबर प्रकाश सिंह साहुवाला व लखविंदर सिंह औलख ने गांव पंजुआना गुरुद्वारा सिंह सभा से जानकारी देते हुए बताया कि रात लगभग 1: 45 बजे एक शख्स गुरुद्वारा दरबार की खिड़की तोड़कर जूते समेत दरबार के अंदर घुसकर गुल्लक चोरी कर चला गया। बुधवार की सुबह जब गुरुद्वारा के सेवादार बाबा हिम्मत सिंह रोजाना की तरह नितनेम के लिए सुबह 4:15 बजे दरबार का दरवाजा खोलकर अंदर गए तो उन्होंने देखा कि गुल्लक गायब है और साइड वाली खिड़की की जाली टूटी हुई है।
उन्होंने तुरंत पंजुआना ढाणी में इंद्रजीत सिंह को फोन के माध्यम से इस घटना की जानकारी दी और गांव के सरपंच प्रतिनिधि को भी बताया। इस घटना की सूचना पाकर संगत गुरुद्वारा साहब पहुंचना शुरू हो गई। 112 पर डायल करके पुलिस को बुलाया गया, लेकिन इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन ने इसको सीरियस नहीं लिया। सूचना मिलते ही हम गुरुद्वारा साहब में पहुंचे और देखा कि संगत में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी रोष है।
एसपी सिरसा को भी फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। सुबह 11:00 बजे तक कोई भी सीनियर अधिकारी पंजुआना गुरुद्वारा साहिब में नहीं पहुंचा। सिख संगत की मांग है कि जो शख्स जूतों सहित दरबार में घुसकर गुल्लक चुरा सकता है, वह इससे भी बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है। इसकी गहनता से जांच होनी चाहिए। इसके पीछे कौन है, कितने लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के मेंबर प्रकाश सिंह साहुवाला भी मौके पर पहुंचे।
संगत गुल्लक को ढूंढते-ढूंढते वाटर वर्क्स पहुंची तो देखा कि यहां गुल्लक को तोड़ने की कोशिश की गई है, वहां पर पैसे भी बिखरे हुए थे और गुरुद्वारे का एक लिफाफा भी पड़ा हुआ था। पंजुआना की संगत खुद इस मामले की पैरवी कर रही है। पुलिस प्रशासन गायब है। इस मौके पर स. हरचरण सिंह, सरपंच प्रतिनिधि लोकेश मेहता, मुरारी लाल मेहता, नंबरदार रामस्वरूप सेठी, राकेश कुमार, निरपाल सिंह, मेंबर देव कुमार, करवीर सिंह, सर्वजीत कंबोज, मंगल सिंह, दीपू गिल, कुलतार सिंह, भोला सिंह, काका सिंह सहित काफी संख्या में संगत व ग्रामीणी उपस्थित थे।
