गांव दड़बा कलां के खेतों में लगी भंयकर आग, घरों तक पहुंच जाती आग, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव दड़बा कलां में सोमवार देर रात्रि के समय गेहूं के भूसे में अचानक आग लग गई। अधंड के कारण आग तेजी से आगे बढऩे लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने से 15 एकड़ में गेहूं का भूसा जल गया। किसानों ने भूसा तुड़ी बनाने के लिए रखा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात्रि करीबन 8 बजे शेरांवाली नहर के समीप खेतों में पड़े गेहूं के भूसे में आग लग गई। इसके बाद आग की लपटे तेजी से फैलने लगी। आग गांव की तरफ बढऩे लगी। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड विभाग को दी गई।
इसके बाद ग्रामीण आग को काबू करने के लिए प्रयास करने लगे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग को काबू कर लिया। अगर आग पर कुछ ही काबू नहीं पाया जाता तो आग घरों तक पहुंच सकती थी। इससे काफी बड़ा नुकसान हो सकता था।
